विदेश की खबरें | चीन ने 1989 के लोकतंत्र समर्थक प्रदर्शनों की बरसी पर तियानमेन स्क्वायर पर बढ़ाई सुरक्षा
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on world at LatestLY हिन्दी. उधर हांगकांग में, एक दिन पहले पुलिस ने विक्टोरिया पार्क में कम से कम दो दर्जन प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया।
उधर हांगकांग में, एक दिन पहले पुलिस ने विक्टोरिया पार्क में कम से कम दो दर्जन प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया।
बड़े सार्वजनिक स्थल, इन प्रदर्शनों की बरसी पर सालाना आयोजित की जाने वाली शोक सभा के आयोजन स्थल रहे हैं। उल्लेखनीय है कि तियानमेन स्क्वायर पर तीन जून की रात और चार जून 1989 की सुबह प्रदर्शनकारियों के खिलाफ सैनिकों का इस्तेमाल किया गया था, जिसमें हजारों की संख्या में प्रदर्शनकारी मारे गये थे।
इस हिंसक कार्रवाई के दौरान मारे गये लोगों की संख्या अज्ञात है और सत्तारूढ़ कम्युनिस्ट पार्टी ने इन घटनाओं की स्मृति को जीवंत रखने वालों के खिलाफ देश में और विदेशों में लगातार कार्रवाई की है।
बीजिंग में, तियानमेन स्क्वायर के चारों ओर अतिरिक्त सुरक्षा देखी गई और वहां जाने वाले लोगों से सुरक्षाकर्मी पहचान पत्र मांगते देखे गए।
स्क्वायर के उत्तर में स्थित चांगवान एवेन्यू में पैदल या साइकिल से गुजरने वाले लोगों को रोक दिया गया और पहचान पत्र दिखाने को कहा गया।
वहीं, अपने पत्रकार वीजा के साथ आए व्यक्तियों से कहा जा रहा है कि इलाके में प्रवेश के लिए उन्हें विशेष अनुमति लेनी होगी।
इसके बावजूद, काफी संख्या में पर्यटक इस ऐतिहासिक स्थल को देखने के लिए उमड़ रहे हैं और सैकड़ों लोग स्क्वायर पर प्रवेश के लिए कतार में खड़े हैं।
तियानमेन कार्रवाई में अपने बच्चों को खोने वाली माताओं ने एक बयान जारी कर ‘सच्चाई, मुआवजा और जवाबदेही’ की मांग की है।
अंतरराष्ट्रीय गैर सरकारी संगठन ह्यूमन राइट्स वाच ने चीन सरकार से लोकतंत्र समर्थक प्रदर्शनकारियों की हत्या की जिम्मेदारी स्वीकार करने को कहा है।
ह्यूमन राइट्स वाच के वरिष्ठ चीनी शोधार्थी याछियू वांग ने एक बयान में कहा, ‘‘चीन सरकार दशकों पुराने तियानमेन नरसंहार की जवाबदेही लेने से बचती आ रही है, जिसने लाखों लोगों को मनमाने तरीके से हिरासत में लेने, उन पर पाबंदी लगाने, जासूसी करने और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मानवाधिकारों का हनन करने के लिए उसे प्रेरित किया है।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)