देश की खबरें | चामलिंग का दावा, परिवार व पार्टी हित में जनता के पैसों का दुरुपयोग कर रहे हैं मुख्यमंत्री तमांग

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. सिक्किम के पूर्व मुख्यमंत्री पवन कुमार चामलिंग ने सोमवार को आरोप लगाया कि उनके उत्तराधिकारी प्रेम सिंह तमांग जनता के धन को सत्तारूढ़ पार्टी और परिवार के सदस्यों के लिए इस्तेमाल कर रहे हैं।

गंगटोक, नौ जनवरी सिक्किम के पूर्व मुख्यमंत्री पवन कुमार चामलिंग ने सोमवार को आरोप लगाया कि उनके उत्तराधिकारी प्रेम सिंह तमांग जनता के धन को सत्तारूढ़ पार्टी और परिवार के सदस्यों के लिए इस्तेमाल कर रहे हैं।

सिक्किम डेमोक्रेटिक फ्रंट (एसडीएफ) के अध्यक्ष चामलिंग ने सत्तारूढ़ पार्टी सिक्किम क्रांतिकारी मोर्चा (एसकेएम) पर लोगों को अपनी पार्टी में शामिल होने के लिए मजबूर करने का आरोप भी लगाया।

एसकेएम ने चामलिंग के बयान को ‘‘आधारहीन और निंदनीय’’ करार देते हुए उन पर पलटवार किया और कहा कि अगर उनके पास किसी गलत काम का सबूत है तो वह अदालत का दरवाजा खटखटाएं।

तमांग सरकार की कथित गलतियों का पर्दाफाश करने के लिए ‘‘सिक्किम बचाओ अभियान’’ शुरू करने वाले चामलिंग ने कहा, ‘‘अपनी सदस्य संख्या बढ़ाने के लिए एसकेएम अन्य दलों के लोगों को अपनी पार्टी में लाने का बहुत गंदा खेल खेल रहा है।’’

उन्होंने यह भी दावा किया कि मौजूदा सरकार में राज्य की अर्थव्यवस्था ‘मृत’ हो चुकी है।

चामलिंग ने एक बयान में कहा, ‘‘सिक्किम की अर्थव्यवस्था मृत हो चुकी है। कोई रोजगार नहीं है। महंगाई चरम पर है और ग्रामीण अर्थव्यवस्था भी पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। यह पैसा एसकेएम और पीएस गोले के परिवारों को जा रहा है।’’ तमांग को पीएस गोले के नाम से भी जाना जाता है।

उन्होंने कहा कि इस प्रवृत्ति को ‘‘तुरंत रोकना’’ होगा। उन्होंने अपनी पार्टी एसडीएफ के कार्यकर्ताओं को 2024 में जनादेश वापस हासिल करने के लिए कड़ी मेहनत करने की सलाह दी।

उन्होंने कहा, ‘‘तभी हम सिक्किम की संपदा को बहाल कर पाएंगे।’’

पूर्व मुख्यमंत्री ने दावा किया कि युवाओं को नौकरी के फर्जी वादों से लुभाया जा रहा है जबकि सरकारी कर्मचारियों के परिवारों को सत्तारूढ़ पार्टी में शामिल होने के लिए धमकाया जा रहा है।

उन्होंने दावा किया कि एसडीएफ नेताओं और कार्यकर्ताओं को सत्तारूढ़ पार्टी में शामिल होने के लिए नकदी की पेशकश की जा रही है।

एसकेएम नेता और पार्टी की महिला मोर्चा की अध्यक्ष कला राय ने सत्तारूढ़ पार्टी और विशेष रूप से तमांग के खिलाफ ‘‘निराधार और निंदनीय’’ टिप्पणी करने के लिए चामलिंग की कड़ी आलोचना की।

उन्होंने कहा कि अगर राज्य की अर्थव्यवस्था लड़खड़ा रही है तो इसके लिए चामलिंग को जिम्मेदार ठहराया जाना चाहिए, जिन्होंने 25 साल तक राज्य पर शासन किया।

उन्होंने चामलिंग को चुनौती दी कि अगर उनके पास भ्रष्टाचार के सबूत हैं तो वह न्यायपालिका का दरवाजा खटखटाएं।

लोगों को सत्तारूढ़ पार्टी में शामिल होने के लिए मजबूर किए जाने के दावों को खारिज करते हुए राय ने कहा कि जब एसकेएम विपक्ष में था तो लोग अपनी मर्जी से पार्टी में शामिल हुए थे, इसलिए प्रलोभन देने या धमकी देने की कोई जरूरत नहीं है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\