देश की खबरें | केरल में लड़की के अपहरण के आरोप में छत्तीसगढ़ का युवक गिरफ्तार
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. छत्तीसगढ़ के 20 वर्षीय एक युवक को यहां रेलवे स्टेशन से एक नाबालिग लड़की को अगवा करने के आरोप में हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने शनिवार को इस बात की जानकारी दी।
त्रिशूर (केरल), 15 जुलाई छत्तीसगढ़ के 20 वर्षीय एक युवक को यहां रेलवे स्टेशन से एक नाबालिग लड़की को अगवा करने के आरोप में हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने शनिवार को इस बात की जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि आरोपी ने एक ‘‘चाइल्डलाइन’’ अधिकारी को बीयर की टूटी हुई बोतल का भय दिखाकर लड़की को अगवा कर लिया।
मध्य केरल के त्रिशूर जिले में पुठुक्कड़ से दोनों को हिरासत में लिया गया है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी दीपक कुमार सिंह और लड़की, जो नाबालिग है, शुक्रवार को अपने गृह राज्य से यहां रेलवे स्टेशन पहुंचे थे। कहा जाता है कि दोनों कुछ वक्त से एक साथ थे और भाग कर यहां आए थे।
पुलिस ने कहा कि दोनों को काफी देर तक स्टेशन परिसर के आस-पास घूमते हुए देखकर ‘चाइल्डलाइन’ अधिकारियों को उनके व्यवहार पर संदेह हुआ और अधिकारी लड़की से पूछताछ के लिए उसे अपने कक्ष में ले गए।
अधिकारियों को जब मालूम हुआ कि लड़की नाबालिग है तो उन्होंने उसे ‘चाइल्डलाइन’ समिति के समक्ष पेश करने का फैसला किया।
पुलिस ने कहा कि तभी युवक ने एक अधिकारी की गर्दन पर टूटी हुई बोतल रखकर लड़की को छोड़ने के लिए कहा। बाद में वह प्लेटफार्म से रेल पटरी पर कूद गया और फरार हो गया।
पुलिस के एक अधिकारी ने पीटीआई- को बताया, ''उसे (आरोपी) पकड़ने के लिए छापेमारी चल रही थी। आज (शनिवार को) यातायात पुलिस के एक अधिकारी ने पुठुक्कड़ में दोनों को घूमते हुए देखा। उनकी जानकारी के आधार पर हमने दोनों को हिरासत में ले लिया।''
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)