देश की खबरें | छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री साय ने देश के पहले हाइड्रोजन ईंधन ट्रक को दिखाई हरी झंडी

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शनिवार को देश के पहले हाइड्रोजन ईंधन ट्रक को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

रायपुर, 10 मई छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शनिवार को देश के पहले हाइड्रोजन ईंधन ट्रक को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री साय ने आज अपने निवास परिसर से देश के पहले हाइड्रोजन ईंधन लॉजिस्टिक ट्रक को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

उन्होंने बताया कि साय ने अपना हस्ताक्षर कर हाइड्रोजन ट्रक के चालक को चाबी सौंपी और इस अभिनव पहल के लिए छत्तीसगढ़ राज्य ऊर्जा उत्पादन कंपनी लिमिटेड (सीएसपीजीसीएल) और अदाणी नैचरल रिसोर्सेस को शुभकामनाएं दी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पहल छत्तीसगढ़ और देश को हरित ऊर्जा की ओर अग्रसर करने वाला क्रांतिकारी कदम होगा।

उन्होंने कहा, ''छत्तीसगढ़ लगातार विकास कर रहा है और इसमें आज एक नया आयाम जुड़ा है। भारत के पहले हाइड्रोजन ईंधन लॉजिस्टिक ट्रक की शुरुआत छत्तीसगढ़ में हो रहा है। हमारे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने पर विशेष ध्यान है और उन्होंने वर्ष 2070 तक भारत को शून्य कॉर्बन उत्सर्जन वाला देश बनाने का जो संकल्प लिया है, उसे पाने की दिशा में यह पहल महत्वपूर्ण है। पर्यावरण संरक्षण और औद्योगिक विकास के बीच संतुलन साधने में भी यह कदम मददगार होगा।''

साय ने कहा, ''छत्तीसगढ़ खनिज संपदा समृद्ध प्रदेश है और इस ट्रक का उपयोग खनिज परिवहन में होने से कॉर्बन उत्सर्जन में कमी आएगी। प्रदेश में पारंपरिक संसाधनों के साथ-साथ हरित प्रौद्योगिकी और नवाचार को भी प्राथमिकता दी जा रही है।''

मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास और पर्यावरण संरक्षण साथ-साथ संभव हैं और ऐसी पहल से हमारे संकल्प को और मजबूती मिलेगी।

अधिकारियों ने बताया कि राज्य में हरित भविष्य को सुरक्षित करने के उद्देश्य से सीएसपीजीसीएल और अदाणी नैचरल रिसोर्सेस ने यह साझा प्रयास किया है। छत्तीसगढ़ स्टेट पावर जेनरेशन कंपनी लिमिटेड द्वारा रायगढ़ जिले के गारे पेल्मा-तीन कोल ब्लॉक से राज्य की विद्युत उत्पादन इकाई तक कोयला परिवहन में इसका उपयोग किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि इस मौके पर अडानी इंटरप्राइजेज के नैचरल रिसोर्सेस के सीईओ डॉक्टर विनय प्रकाश, छत्तीसगढ़ स्टेट पावर जेनरेशन कंपनी लिमिटेड के प्रबंध संचालक संजीव कटियार और अडानी ग्रुप के प्रतिनिधि मौजूद थे।

अदाणी समूह के अधिकारियों ने बताया कि अदाणी ग्रुप की प्रमुख कंपनी, अदाणी इंटरप्राइजेज ने भारत का पहला हाइड्रोजन फ्यूल सेल ट्रक जारी किया है, जो लॉजिस्टिक्स क्षेत्र में स्वच्छ और ग्रीन ट्रांसपोर्ट व्यवस्था को बढ़ावा देने की दिशा में एक बड़ा कदम है। आने वाले समय में हाइड्रोजन से चलने वाले ये ट्रक, कंपनी के लॉजिस्टिक्स संबंधी ऑपरेशन्स में इस्तेमाल हो रहे डीज़ल वाहनों की जगह लेने के लिए तैयार हैं।

अधिकारियों ने बताया कि अदाणी एक भारतीय और अंतर्राष्ट्रीय ऊर्जा तकनीकी कंपनी तथा एक प्रमुख ऑटो निर्माता कंपनी के साथ मिलकर माल परिवहन के लिए हाइड्रोजन फ्यूल सेल बैटरी से चलने वाले ट्रक विकसित कर रहा है। प्रत्येक ट्रक स्मार्ट तकनीक और तीन हाइड्रोजन टैंक से लैस होगा, जिसमें 200 किलोमीटर की दूरी तक 40 टन तक का माल ले जाने की क्षमता होगी।

उन्होंने बताया कि हाइड्रोजन प्रचुर मात्रा में पाया जाने वाला तत्व है और यह किसी भी प्रकार का हानिकारक उत्सर्जन नहीं करता है। हाइड्रोजन ईंधन सेल से चलने वाले वाहन डीजल ट्रक जितनी दूरी और लोड उठाने की क्षमता रखते हैं। लेकिन धुएं के बजाए ये सिर्फ भाप और गर्म हवा उत्सर्जित करते हैं तथा आवाज भी बहुत कम करते हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

संबंधित खबरें

CSK vs GT, IPL 2026 37th Match Date And Time: कब और कितने बजे से खेला जाएगा चेन्नई सुपर किंग्स बनाम गुजरात टाइटंस के बीच रोमांचक मुकाबला. इस स्टेडियम में भिड़ेंगी दोनों टीमें, यहां जानें वेन्यू समेत मैच से जुड़ी सभी जानकारी

Vaibhav Sooryavanshi Scores Third-Fastest IPL Hundred: वैभव सूर्यवंशी ने जड़ा आईपीएल इतिहास का तीसरा सबसे तेज शतक, RR vs SRH मैच में रचा इतिहास

SA W vs IND W, 4th T20I Match Live Score Update: वांडरर्स स्टेडियम में दक्षिण अफ्रीका महिला बनाम भारत महिला के बीच खेला जा रहा है चौथा टी20 मुकाबला, यहां देखें मैच का लाइव स्कोर अपडेट

RR vs SRH, IPL 2026 36th Match Scorecard: जयपुर में राजस्थान रॉयल्स ने सनराइजर्स हैदराबाद के सामने रखा 229 रनों का टारगेट, वैभव सूर्यवंशी ने खेली धमाकेदार पारी. यहां देखें पहली पारी का स्कोरकार्ड