देश की खबरें | चंद्रयान-3 मिशन सफलता : कर्नाटक सरकार इसरो की टीम को सम्मानित करेगी
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. चंद्रयान-3 की सफल ‘सॉफ्ट लैंडिंग’ को ऐतिहासिक उपलब्धि करार देते हुए कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने बृहस्पतिवार को कहा कि राज्य सरकार इसके लिए इसरो की टीम को आधिकारिक तौर पर सम्मानित करने के लिए एक विशेष कार्यक्रम आयोजित करेगी।
बेंगलुरु, 24 अगस्त चंद्रयान-3 की सफल ‘सॉफ्ट लैंडिंग’ को ऐतिहासिक उपलब्धि करार देते हुए कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने बृहस्पतिवार को कहा कि राज्य सरकार इसके लिए इसरो की टीम को आधिकारिक तौर पर सम्मानित करने के लिए एक विशेष कार्यक्रम आयोजित करेगी।
मुख्यमंत्री ने यहां भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के ‘टेलीमेट्री, ट्रैकिंग और कमांड नेटवर्क’ (आईएसटीआरएसी) का दौरा किया और सफल लैंडिंग के लिए इसरो प्रमुख एस. सोमनाथ और उनकी टीम को बधाई दी।
सिद्धरमैया ने वहां इसरो वैज्ञानिकों और अधिकारियों से बातचीत की और उनकी उपलब्धि की सराहना की।
उन्होंने कहा, ‘‘सरकार विधान सौध के सभागार में एक विशेष कार्यक्रम आयोजित करके इसरो के अध्यक्ष (एस) सोमनाथ और उनकी टीम को आधिकारिक तौर पर सम्मानित करेगी। कर्नाटक के लगभग 500 वैज्ञानिक इस मिशन का हिस्सा थे।’’
सिद्धरमैया ने यहां संवाददाताओं से कहा कि इसरो की पहल के लिए सरकार की ओर से पूरा सहयोग और समर्थन मिलेगा। उन्होंने अंतरिक्ष एजेंसी को ‘‘देश का गौरव’’ करार दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘वैज्ञानिकों ने इस उपलब्धि के लिए दिन-रात मेहनत की है। इस परियोजना में देश के कुल 1,000 वैज्ञानिक शामिल हैं और लगभग 500 लोग बेंगलुरु से ही हैं।’’
उन्होंने कहा कि सम्मान समारोह की तारीख दो सितंबर के बाद तय की जाएगी।
लैंडर ‘विक्रम’ और रोवर ‘प्रज्ञान’ से लैस भारत का चंद्र मिशन चंद्रयान-3 बुधवार शाम छह बजकर चार मिनट पर चंद्रमा की सतह पर उतरा और भारत चंद्रमा पर पहुंचने वाले चार विशिष्ट देशों के क्लब में शामिल हो गया। इसके साथ ही भारत चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर पहुंचने वाला पहला देश बन गया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)