देश की खबरें | चांडी कांग्रेस के लिए अच्छे प्रचारक व संगठनकर्ता थे: केरल के मुख्यमंत्री

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने सोमवार को कहा कि कांग्रेस के दिवंगत नेता ओमन चांडी अपनी पार्टी के एक अच्छे संगठनकर्ता और प्रचारक थे तथा पार्टी की ओर से उन्हें जो भी जिम्मेदारी मिली, उन्होंने उसे बखूबी निभाया।

तिरुवनंतपुरम, 24 जुलाई केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने सोमवार को कहा कि कांग्रेस के दिवंगत नेता ओमन चांडी अपनी पार्टी के एक अच्छे संगठनकर्ता और प्रचारक थे तथा पार्टी की ओर से उन्हें जो भी जिम्मेदारी मिली, उन्होंने उसे बखूबी निभाया।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि चांडी ने कांग्रेस को मजबूत करने के लिए अथक प्रयास किया। विजयन ने कहा कि चांडी का निधन कांग्रेस और उसके नेतृत्व वाले विपक्षी यूडीएफ के लिए एक बड़ी क्षति है तथा कोई भी उनके निधन से पैदा हुए शून्य को इतनी आसानी से भर नहीं पाएगा।

वह चांडी की स्मृति में यहां केरल प्रदेश कांग्रेस कमेटी (केपीसीसी) द्वारा आयोजित कार्यक्रम में बोल रहे थे। चांडी का पिछले हफ्ते कर्नाटक के बेंगलुरू में निधन हो गया था। वह केरल के दो बार मुख्यमंत्री रहे थे।

जब विजयन अपना भाषण देने के लिए मंच की ओर बढ़े तो वहां मौजूद भीड़ ने चांडी के समर्थन में नारे लगाने शुरू कर दिए तथा मुख्यमंत्री कुछ सेकेंड तक अपना भाषण शुरू नहीं कर सके।

इसके बाद कांग्रेस के कुछ नेताओं ने भीड़ को चुप होने का इशारा किया, जिसके बाद नारेबाज़ी बंद हुई तथा विजयन अपना भाषण शुरू कर सके।

विजयन ने अपने भाषण में कहा कि चांडी अपने छात्र जीवन से ही राजनीति में सक्रिय थे और "कांग्रेस पार्टी के लिए एक अच्छे प्रचारक और संगठनकर्ता थे।”

मुख्यमंत्री ने कहा, "वह निर्विवाद रूप से पार्टी के बड़े नेताओं में से एक थे और उन्होंने इस तरह नेतृत्व कौशल का प्रदर्शन किया, जिसकी मिसाल दी जाती है।”

उन्होंने यह भी कहा कि चांडी की प्राथमिकता हमेशा पार्टी और उसके नेतृत्व वाले मोर्चे को मजबूत करने की रही और "इसके लिए उन्होंने बिना किसी आराम के अथक प्रयास किये"।

विजयन ने कहा कि जब चांडी बीमार थे, तब भी वह (चांडी) अपने आधिकारिक कर्तव्यों या एक जन प्रतिनिधि के रूप में अपने दायित्वों को निभाने से पीछे नहीं हटे।

उन्होंने कहा कि चांडी ने पुठुप्पल्ली सीट का विधानसभा में 53 साल तक लगातार प्रतिनिधित्व किया, जो संसदीय राजनीति के इतिहास में एक रिकॉर्ड है।

केपीसीसी प्रमुख के. सुधाकरन ने कार्यक्रम में कहा कि चांडी लोगों के प्रिय नेता थे और उनके निधन के बाद जनता द्वारा उन्हें दी गई विदाई इसी बात को दर्शाती है।

विधानसभा में विपक्ष के नेता वी डी सतीशन ने भी पार्टी और राज्य के लोगों के लिए दिवंगत कांग्रेस नेता के योगदान को याद किया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\