खेल की खबरें | चहल ने दिखा दिया कि लेग स्पिनर आईपीएल में मैच विनर क्यो हैं : मलिंगा
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Sports at LatestLY हिन्दी. राजस्थान रॉयल्स के गेंदबाजी कोच लसिथ मलिंगा ने कहा कि युजवेंद्र चहल ने दिखा दिया कि आईपीएल में लेग स्पिनर को ‘मैच विनर’ क्यो कहा जाता है । चहल ने कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ बेहतरीन 17वां ओवर डाला जिसमें सत्र की पहली हैट्रिक भी ली ।
मुंबई, 19 अप्रैल राजस्थान रॉयल्स के गेंदबाजी कोच लसिथ मलिंगा ने कहा कि युजवेंद्र चहल ने दिखा दिया कि आईपीएल में लेग स्पिनर को ‘मैच विनर’ क्यो कहा जाता है । चहल ने कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ बेहतरीन 17वां ओवर डाला जिसमें सत्र की पहली हैट्रिक भी ली ।
चहल ने चार ओवर में 40 रन देकर पांच विकेट चटकाये । उन्होंने 17वें ओवर की पहली गेंद पर वेंकटेश अय्यर को पवेलियन भेजा । इसके बाद चौथी, पांचवीं और छठी गेंद में श्रेयर अय्यर, शिवम मावी और पैट कमिंस के विकेट लेकर मैच ही पलट दिया । रॉयल्स ने केकेआर को सात रन से हरा दिया ।
इससे पहले जोस बटलर के 61 गेंद में 103 रन की मदद से रॉयल्स ने पांच विकेट पर 217 रन बनाये थे ।
मलिंगा ने मैच के बाद प्रेस कांफ्रेंस में कहा ,‘‘ चहल के पास काफी अंतरराष्ट्रीय अनुभव है । वह देश का सबसे अनुभवी लेग स्पिनर है और टूर्नामेंट में भी । उसने बताया कि कैसे नियंत्रित गेंदबाजी की जाती है । यह उसके लिये भी यह साबित करने के लिये अच्छा है कि वह किसी भी स्तर का प्रतिस्पर्धी क्रिकेट खेलने में सक्षम है ।’’
उन्होंने कहा ,‘‘ लेग स्पिनर के पास विकेट लेने के विकल्प अधिक होते हैं । उसने आज दिखा दिया कि वह कैसे विकेट लेकर एक ओवर में मैच बदल सकता है । उसने सभी लेग स्पिनरों को दिखा दिया कि वे मैच विनर हैं ।’’
केकेआर के कोच ब्रेंडन मैकूलम ने कहा कि यह अच्छा मैच था लेकिन बटलर और चहल ने उनसे जीत छीन ली ।
उन्होंने कहा ,‘‘ आप चहल जैसे बेहतरीन खिलाड़ी को दबाव बनान का मौका नहीं दे सकते ।हमने अच्छा खेला लेकिन कुछ मूर्खतापूर्ण गलतियां की । लेकिन ऐसा होता है । अब लगातार तीन हार के बाद हमें अगले मैचों में जीत की राह पर लौटना होगा ।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)