देश की खबरें | जन कल्याण योजनाओं के लिए केंद्र साध रहा है निशाना: केजरीवाल ने विधानसभा में किया दावा

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने आबकारी नीति मामले में सीबीआई की पूछताछ के एक दिन बाद सोमवार को आरोप लगाया कि राजधानी वासियों को मुफ्त बिजली और अच्छी स्वास्थ्य सुविधाएं समेत अनेक जन कल्याण योजनाएं मुहैया कराने के लिए केंद्र उन्हें तथा उनकी सरकार को निशाना बना रहा है।

नयी दिल्ली, 17 अप्रैल दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने आबकारी नीति मामले में सीबीआई की पूछताछ के एक दिन बाद सोमवार को आरोप लगाया कि राजधानी वासियों को मुफ्त बिजली और अच्छी स्वास्थ्य सुविधाएं समेत अनेक जन कल्याण योजनाएं मुहैया कराने के लिए केंद्र उन्हें तथा उनकी सरकार को निशाना बना रहा है।

केजरीवाल ने विधानसभा के एक दिवसीय सत्र में प्रधानमंत्री का नाम लिये बगैर उनकी शैक्षणिक योग्यता पर एक बार फिर सवाल किया।

सत्र में प्रधानमंत्री और भारतीय जनता पार्टी की निंदा करते हुए एक प्रस्ताव भी पारित किया गया।

प्रस्ताव के अनुसार, ‘‘प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा ने लंबे समय तक आम आदमी पार्टी की तेज प्रगति और विस्तार को तथा पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल की बढ़ती लोकप्रियता को अवरुद्ध करने का प्रयास किया है।’’

दिल्ली के उप राज्यपाल वी के सक्सेना ने सत्र बुलाने में ‘प्रक्रियागत खामियों’ को उठाते हुए मुख्यमंत्री को नोट लिखा था और ऐसा नहीं करने की सलाह दी थी।

केजरीवाल ने अपने भाषण के दौरान आरोप लगाया कि भ्रष्टाचार और आतंकवाद को समाप्त करने के लिए नोटबंदी लागू की गयी, लेकिन देश ‘तबाह हो गया’।

दिल्ली विधानसभा द्वारा पारित प्रस्ताव में फ्रांसीसी कवि विक्टर ह्यूगो के एक अंश का भी उल्लेख किया गया है कि ‘‘यदि किसी विचार के आने का समय आ गया है तो उसे दुनिया की कोई ताकत नहीं रोक सकती।’’

प्रस्ताव में कहा गया है, ‘‘प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपनी पूरी ताकत और एजेंसियों के साथ इस विचार को कभी रोक नहीं पाएंगे।’’

इसमें कहा गया, ‘‘यह सदन इस बात का उल्लेख करता है कि भारत भर में लोग अरविंद केजरीवाल के साथ जुड़ रहे हैं और भारत को नंबर एक बनाने की इस शांतिपूर्ण क्रांति का हिस्सा बन रहे हैं।’’

दिल्ली के मुख्यमंत्री ने देश के सामने मौजूद महंगाई, ईंधन के बढ़ते दाम, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार जैसे मुद्दे भी उठाये और कहा कि अगर इस तरह की समस्याएं हैं तो क्या जनता को यह नहीं पता लगाना चाहिए कि ‘उनका शासक सही से पढ़ा-लिखा है या नहीं और उसकी जगह किसी शिक्षित शासक को लाने की जरूरत तो नहीं’।

केजरीवाल ने बाद में एक ट्वीट कर गुजरात में अपनी पार्टी के नेता गोपाल इटालिया की गिरफ्तारी पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए दावा किया कि इस प्रदेश में आम आदमी पार्टी के शानदार प्रदर्शन से भाजपा इतनी परेशान है कि उसका एकमात्र लक्ष्य आप को खत्म करना और उसके नेताओं को जेल भेजने का रह गया है।

सीबीआई ने आबकारी नीति मामले में रविवार को केजरीवाल से करीब नौ घंटे पूछताछ की।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now