देश की खबरें | पीएमएवाई में अनियमितताओं के आरोपों की जांच के लिए केंद्रीय दल ने बंगाल का दौरा किया
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. पश्चिम बंगाल में ‘प्रधानमंत्री आवास योजना’ (पीएमएवाई) के तहत घरों के आवंटन में अनियमितता के आरोपों की जांच कर रहे एक केंद्रीय दल ने शनिवार को मालदा जिले के कुछ गांवों का दौरा किया।
कोलकाता, सात जनवरी पश्चिम बंगाल में ‘प्रधानमंत्री आवास योजना’ (पीएमएवाई) के तहत घरों के आवंटन में अनियमितता के आरोपों की जांच कर रहे एक केंद्रीय दल ने शनिवार को मालदा जिले के कुछ गांवों का दौरा किया।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक वरिष्ठ नेता ने दावा किया कि एक और केंद्रीय दल अगले सप्ताह राज्य के 15 जिलों का दौरा करेगा।
इस बीच तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) ने आश्चर्य जताया कि क्या केंद्र सरकार भाजपा की बंगाल इकाई की एक शाखा बन गई है।
तीन सदस्यीय एक दल ने कालियाचक-द्वितीय प्रखंड के कमरपुर और चरणंतपुर गांवों के निवासियों से बात की थी जिन्होंने पहले शिकायत की थी कि उन्हें आवेदन के बावजूद पीएमएवाई योजना के तहत घर आवंटित नहीं किए गए हैं।
एक अधिकारी ने बताया कि एक अन्य टीम पूर्वी मेदिनीपुर जिले के गांवों में गई।
इस घटनाक्रम पर पश्चिम बंगाल विधानसभा में विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि एक और केंद्रीय टीम अगले सप्ताह राज्य के 15 जिलों का दौरा करेगी।
शुभेंदु अधिकारी ने पूर्वी मेदिनीपुर जिले के चांदीपुर में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘वे (केंद्रीय टीम) हर प्रखंड का दौरा करेंगे, वे घर-घर जाएंगे।’’
उन्होंने कहा, ‘‘मेरे शब्दों पर ध्यान दें - हर भ्रष्ट नेता को जेल होगी। उसे गरीबों के लिए लूटी गई पूरी रकम लौटानी होगी।’’
शुभेंदु अधिकारी के दावों पर प्रतिक्रिया देते हुए विधानसभा में टीएमसी के उप मुख्य सचेतक तापस रॉय ने कहा कि लोकतांत्रिक रूप से निर्वाचित सरकार को इस तरह की ‘‘धमकियां’’ देना भाजपा नेता की आदत है।
रॉय ने पूछा, ‘‘क्या अधिकारी को ऐसी बातें कहने का अधिकार है?’’ उन्होंने हैरानी जताते हुए कहा, ‘‘अधिकारी के बयानों से ऐसा प्रतीत होता है कि वह एक केंद्रीय मंत्री की हैसियत से बोल रहे हैं। वह केंद्र सरकार के भविष्य के कदमों की भविष्यवाणी कैसे कर सकते हैं?”
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)