देश की खबरें | मणिपुर में सामान्य स्थिति बहाल करने के लिए कड़ी मेहनत कर रही केंद्र सरकार: भाजपा विधायक
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक के. इबोम्चा ने बृहस्पतिवार को कहा कि केंद्र सरकार मणिपुर में सामान्य स्थिति बहाल करने के लिए कड़ी मेहनत कर रही है ताकि राज्य में जनहितैषी सरकार का गठन किया जा सके।
इंफाल, 26 जून भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक के. इबोम्चा ने बृहस्पतिवार को कहा कि केंद्र सरकार मणिपुर में सामान्य स्थिति बहाल करने के लिए कड़ी मेहनत कर रही है ताकि राज्य में जनहितैषी सरकार का गठन किया जा सके।
उन्होंने यह भी कहा कि राज्य के सभी नागरिक समाज संगठनों को एक अनुकूल माहौल सुनिश्चित करने के वास्ते केंद्र को पूरा सहयोग देना चाहिए, जो जनहितैषी सरकार स्थापित करने की एक शर्त है।
विधायक ने कहा, “आज (बृहस्पतिवार को) हमने अपनी पार्टी की प्रदेश इकाई की अध्यक्ष ए. शारदा देवी से मुलाकात की और दिल्ली में भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा के साथ उनकी हाल की बैठक के बाद विभिन्न मामलों पर चर्चा की।”
इबोम्चा ने कहा कि जनहितैषी सरकार बनाने के लिए पहले राज्य में अनुकूल माहौल होना चाहिए।
उन्होंने कहा, “केंद्र हम सभी के साथ मिलकर एक अनुकूल माहौल बनाने की पूरी कोशिश कर रहा है। हम विभिन्न समूहों और केंद्र के बीच बातचीत देख रहे हैं। यह भी अनुकूल माहौल बनाने का एक हिस्सा है। हम सभी एक महत्वपूर्ण मोड़ पर हैं और सही कदम संघर्ष का समाधान ला सकता है। ”
मई 2023 से मेइती और कुकी-जो समूहों के बीच जातीय हिंसा में 260 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है और हजारों लोग बेघर हुए हैं।
मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह के इस्तीफा देने के बाद केंद्र ने 13 फरवरी को मणिपुर में राष्ट्रपति शासन लागू कर दिया था।
राज्य विधानसभा को निलंबित कर दिया गया जिसका कार्यकाल 2027 तक था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)