देश की खबरें | केंद्रीय एजेंसियां देशभर में कारोबारियों को परेशान कर रहीं : ममता बनर्जी

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सोमवार को कहा कि केंद्रीय एजेंसियां देश भर में कारोबारियों को परेशान कर रही हैं।

कोलकाता, चार सितंबर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सोमवार को कहा कि केंद्रीय एजेंसियां देश भर में कारोबारियों को परेशान कर रही हैं।

उन्होंने यह भी कहा कि वे उनके परिवार को तंग कर रही हैं, जबकि उन्होंने (ममता ने) किसी से एक कप चाय तक नहीं पी है।

तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) प्रमुख ने इसे राजनीतिक प्रतिशोध बताया, लेकिन किसी राजनीतिक दल का नाम नहीं लिया।

उन्होंने रियल एस्टेट सम्मेलन ‘स्टेटकॉन 2023’ को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘प्रतिशोध पूरा होने तक यह जारी रहेगा।’’

ममता ने कहा, ‘‘कभी-कभी कुछ लोग आपको परेशान कर सकते हैं। लेकिन ऐसा केवल आपके साथ नहीं हो रहा है। कमजोर मत बनिये, एजेंसियों द्वारा सभी कारोबारियों को परेशान किया जा रहा है। यहां तक कि मेरे परिवार को भी परेशान किया गया, जबकि मैंने एक पैसा भी नहीं लिया है, ना ही अपने जीवन में किसी से एक कप चाय तक पी है। यह राजनीतिक प्रतिशोध है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘यदि आपके साथ कुछ होता है तो आपको कानूनी कदम उठाना चाहिए।’’

ममता ने आरोप लगाया कि मीडिया का एक वर्ग विकास नहीं होने और सिर्फ साम्प्रदायिक हिंसा होने की बात कह राजनीतिक दबाव के तहत बंगाल की छवि खराब करने की कोशिश कर रहा है।

उन्होंने कहा, ‘‘यह राज्य में मौजूद स्थिति से ठीक उलट है...मैं नहीं जानती कि कुछ राजनीतिक दलों के निर्देश पर क्यों मीडिया का एक वर्ग हमेशा ही यह कहकर बंगाल को बदनाम करने की कोशिश करता है कि यहां कोई विकास नहीं हुआ है और केवल सांप्रदायिक हिंसा हुई है। यह सरासर गलत है।’’

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘आप देख सकते हैं कि बंगाल जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में पहले स्थान पर है। हम कारोबार को आसान बनाने के मामले में पहले नंबर पर हैं।’’

उन्होंने कहा कि अन्य राज्यों के लोग बंगाल में काम करते हैं और उन्हें प्रताड़ित किये जाने का एक भी उदाहरण नहीं है।

ममता ने आरोप लगाया कि मीडिया को कुछ लोगों ने खरीद लिया है, जो हर सुबह इसे बंगाल को बदनाम करने का निर्देश देते हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘लेकिन मैं भयभीत नहीं हूं। यदि आप राजनीतिक मोर्चें पर लड़ाई लड़ सकते हैं तो मुझसे लड़िये, बंगाल के साथ मत लड़िये, जो मेरी मां है। हम (टीएमसी) अपने राज्य से प्रेम करते हैं।’’

मुख्यमंत्री ने रियल एस्टेट कारोबारियों और निवेशकों का राज्य में स्वागत किया और उन्हें प्रशासन की ओर से हर संभव सहायता देने का आश्वासन दिया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now