देश की खबरें | जम्मू कश्मीर में पीर पंजाल क्षेत्र से नेताओं को उपमुख्यमंत्री, मंत्री बनाए जाने पर कई जिलों में जश्न

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. जम्मू-कश्मीर में उमर अब्दुल्ला के नेतृत्व वाली सरकार में बुधवार को पीर पंजाल क्षेत्र के स्थानीय नेता सुरिंदर कुमार चौधरी को उपमुख्यमंत्री और जावेद राणा को मंत्री बनाए जाने पर राजौरी और पुंछ के सीमावर्ती जिलों में नेशनल कॉन्फ्रेंस (नेकां) के सैंकड़ों समर्थकों ने सड़क पर उतरकर जश्न मनाया।

जम्मू, 16 अक्टूबर जम्मू-कश्मीर में उमर अब्दुल्ला के नेतृत्व वाली सरकार में बुधवार को पीर पंजाल क्षेत्र के स्थानीय नेता सुरिंदर कुमार चौधरी को उपमुख्यमंत्री और जावेद राणा को मंत्री बनाए जाने पर राजौरी और पुंछ के सीमावर्ती जिलों में नेशनल कॉन्फ्रेंस (नेकां) के सैंकड़ों समर्थकों ने सड़क पर उतरकर जश्न मनाया।

जम्मू कश्मीर में 2019 में अनुच्छेद 370 के निरस्त होने के बाद केंद्र शासित प्रदेश में पहली निर्वाचित सरकार के मुख्यमंत्री के रूप में उमर ने शपथ ली।

चौधरी ने राजौरी जिले के नौशेरा में भाजपा की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष रविंदर रैना को हराया था और राणा पुंछ जिले के मेंढर का प्रतिनिधित्व करते है। ये दोनों पीर पंजाल क्षेत्र में विजयी हुई नेकां के उम्मीदवारों में से हैं। क्षेत्र की आठ में से पांच सीट नेकां-कांग्रेस गठबंधन ने अपनी नाम की।

दोनों नेताओं ने श्रीनगर में शपथ लिए जाने के दौरान नौशेरा, मेंढर और अन्य इलाकों में नेकां समर्थक ढोल-नगाड़े बजाते तथा नाचते हुए जश्न मनाते देखे गए।

चौधरी के गृहनगर नौशेरा में नेकां कार्यकर्ताओं ने मिठाई बांटी तथा पार्टी एवं अब्दुल्ला के समर्थन में नारे लगाए।

स्थानीय लोगों ने चौधरी को उपमुख्यमंत्री बनाए जाने पर नेकां का आभार व्यक्त किया।

नौशेरा के एक नेकां कार्यकर्ता बंटी सिंह ने कहा, ‘‘हम जम्मू-कश्मीर, खासकर जम्मू क्षेत्र के लोगों को सुरिंदर चौधरी जी के उपमुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने पर बधाई देते हैं। हम इसके लिए डॉ. फारूक अब्दुल्ला साहब और मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला जी के बहुत आभारी हैं।’’

सिंह ने कहा कि भाजपा के रविंदर रैना के खिलाफ चौधरी की जीत महत्वपूर्ण रही। उन्होंने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री और गृह मंत्री की ओर से पूरी ताकत झोके जाने और सीट सुरक्षित करने के सभी प्रयासों के बावजूद, यह लोगों का समर्थन ही था जिसने सुरिंदर जी के साथ नेकां की जीत सुनिश्चित की।’’

चौधरी ने नेकां नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा, ‘‘यह पीर पंजाल, खासकर मेरे निर्वाचन क्षेत्र नौशेरा के लिए गर्व की बात है। मैं डॉ. फारूक अब्दुल्ला और उमर अब्दुल्ला को उनके भरोसे के लिए तहे दिल से धन्यवाद देता हूं। आभार व्यक्त करने के लिए मेरे पास शब्द नहीं हैं।’’

मेंढर का प्रतिनिधित्व करने वाले 61 वर्षीय जावेद राणा ने भी मंत्री के रूप में शपथ ली। राणा ने तीसरी बार इस सीट से अपनी जीत दर्ज कराई है।

जम्मू-कश्मीर कैबिनेट में शामिल होने का जश्न मनाने के लिए मेंढर में राणा के आवास पर बड़ी संख्या में लोग जुटे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\