देश की खबरें | कांग्रेस पार्षद तपन कांडू की हत्या के मामले में सीबीआई ने पांच पुलिसकर्मियों से की पूछताछ

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले के झालदा में कांग्रेस पार्षद तपन कांडू की हत्या की जांच के सिलसिले में केन्द्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने शुक्रवार को पांच पुलिसकर्मियों से पूछताछ की। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

पुरुलिया, आठ अप्रैल पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले के झालदा में कांग्रेस पार्षद तपन कांडू की हत्या की जांच के सिलसिले में केन्द्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने शुक्रवार को पांच पुलिसकर्मियों से पूछताछ की। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

सीबीआई के डीआईजी अखिलेश सिंह ने शुक्रवार शाम को जांच दल का नेतृत्व किया और पांच पुलिसकर्मियों को उस घटनास्थल पर ले जाया गया, जहां 13 मार्च को कांडू की गोली मारकर हत्या की गई थी। अधिकारी ने कहा कि बाद में सीबीआई के अधिकारी कांडू के घर गए और उनकी पत्नी पूर्णिमा कांडू तथा परिवार के अन्य सदस्यों से पूछताछ की।

एक महिला पुलिस उप निरीक्षक, एक होमगार्ड तथा नेशनल वलंटियर फोर्स के एक कर्मी से भी सीबीआई ने पूछताछ की। झालदा पुलिस थाने के प्रभारी को आज एजेंसी के सामने पेश होने को कहा गया था, लेकिन वह रात आठ बजे तक उपस्थित नहीं हुए।

पुरुलिया के झालदा निगम पार्षद तपन कांडू को 13 मार्च को उनके आवास के निकट गोली मार दी गई थी, जिससे उनकी मौत हो गई थी। उनकी पत्नी एवं पार्षद पूर्णिमा ने आरोप लगाया है कि उनके पति को मारने में एक पुलिस अधिकारी की भूमिका है।

सीबीआई के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘ हमने तपन कांडू की हत्या के मामले की जांच के सिलसिले में झालदा थाने के प्रभारी निरीक्षक को पूछताछ के लिए तलब किया है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘सीबीआई द्वारा जांच अपने हाथ में लेने से पहले हम मामले में पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए चार लोगों की रिमांड की मांग के लिए अदालत का रुख भी करेंगे।’’

कांडू ने फरवरी में हुए निकाय चुनाव में चौथी बार झालदा नगर पालिका के वार्ड नंबर दो से जीत हासिल की थी। वह क्षेत्र के एक लोकप्रिय नेता थे। तेरह मार्च की शाम को वह अपने आवास के समीप टहल रहे थे और उसी दौरान उन्हें गोली मार दी गई, जिससे कांडू की मौत हो गई।

झालदा नगर पालिका चुनाव में कांग्रेस और तृणमूल कांग्रेस ने पांच-पांच सीटें जीती थीं और दो सीटों पर निर्दलीय उम्मीदवारों ने जीत हासिल की थी। हालांकि, तृणमूल कांग्रेस ने इस सप्ताह बोर्ड का गठन किया था।

हत्या के एक प्रमुख चश्मदीद, कांडू के दोस्त निरंजन वैष्णब बुधवार को अपने आवास पर मृत पाए गए थे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\