देश की खबरें | सीबीआई ने रिश्वत मामले में रेलवे के उप मुख्य अभियंता, एनएचएआई अधिकारी को गिरफ्तार किया
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने घूसखोरी के एक मामले में रेलवे के एक उप मुख्य अभियंता, भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के उप महाप्रबंधक और तीन अन्य लोगों को गिरफ्तार किया है।
नयी दिल्ली, 25 जुलाई केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने घूसखोरी के एक मामले में रेलवे के एक उप मुख्य अभियंता, भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के उप महाप्रबंधक और तीन अन्य लोगों को गिरफ्तार किया है।
अधिकारियों ने मंगलवार को बताया कि सीबीआई ने भोपाल के हबीबगंज में तैनात पश्चिम मध्य रेलवे (डब्ल्यूसीआर) के उप मुख्य अभियंता संजय कुमार निगम और कटनी में तैनात एनएचएआई के डीजीएम राम राव दाढ़े को मध्य प्रदेश में सड़क बुनियादी ढांचा परियोजना में शामिल निजी कंपनी ‘श्रीजी इंफ्रास्ट्रक्चर इंडिया प्राइवेट लिमिटेड’ से कथित तौर पर घूस मांगने के लिए गिरफ्तार किया है।
उन्होंने बताया कि आरोप है कि दाढ़े ने उक्त ठेकेदार से डिजाइन, काम शुरू करने की स्वीकृति देने और लंबित बिल को मंजूरी देने से जुड़े मामलों को निपटाने के लिए निगम की ओर से एक लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी।
उन्होंने बताया कि सीबीआई ने एक योजना बनायी और पश्चिम मध्य रेलवे के मंडलीय कार्यालय में तैनात तकनीशियन राकेश चौकसी को निजी कंपनी के महाप्रबंधक राम संजीवन पाल के साथ एक अन्य कर्मचारी नारायण दास से 50,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया।
सीबीआई प्रवक्ता ने बताया कि बाद में तीन अन्य आरोपियों निगम, दाढ़े और जबलपुर स्थित निजी कंपनी के एक अन्य कर्मचारी को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
जांच एजेंसी ने बताया कि आरोपियों के भोपाल, जबलपुर, कटनी, छिंदवाड़ा, इंदौर, रीवा में 13 स्थानों पर स्थित परिसरों की तलाशी ली गयी और इस दौरान अपराधजन्य दस्तावेज बरामद किए गए।
उन्होंने कहा, ‘‘डब्ल्यूसीआर के उप मुख्य अभियंता के आवास से 5.35 लाख रुपये की नकदी तथा 149 ग्राम सोने के आभूषण तथा एनएचएआई के डीजीएम के परिसरों से तकरीबन 600 ग्राम सोने के आभूषण और 200 ग्राम चांदी के आभूषण भी बरामद किए गए।’’
सभी गिरफ्तार आरोपियों को भोपाल की एक विशेष अदालत में पेश किया गया। अदालत ने उन्हें 28 जुलाई तक के लिए पुलिस हिरासत में भेज दिया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)