देश की खबरें | केरल में कैथोलिक संगठन ने रविवार को मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान चलाने का विरोध किया
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. केरल कैथोलिक बिशप परिषद (केसीबीसी) ने राज्य भर में सार्वजनिक कार्यक्रमों को रविवार को आयोजित करने का विरोध किया है।
कोच्चि/तिरुवनंतपुरम, 28 सितंबर केरल कैथोलिक बिशप परिषद (केसीबीसी) ने राज्य भर में सार्वजनिक कार्यक्रमों को रविवार को आयोजित करने का विरोध किया है।
केसीबीसी ने कहा है कि रविवार का दिन ईसाइयों के लिए बेहद महत्वपूर्ण होता है इसलिए वह मांग करता है कि दो अक्टूबर से राज्य की वाम लोकतांत्रिक मोर्चा सरकार की ओर से मादक पदार्थों के खिलाफ शुरू किए जा रहे अभियान की तारीख दो अक्टूबर से बदल कर कुछ और की जाए।
केसीबीसी ने बुधवार को एक विज्ञप्ति जारी कर कहा कि राज्य में बीते कुछ समय की तुलना में रविवार को छात्रों और सरकारी कर्मचारियों के लिए कार्य दिवस बनाने की प्रवृत्ति बढ़ रही है।
केसीबीसी ने कहा, ‘‘यह एक तरह से नियमित बन गया है।’’
केसीबीसी ने आगे कहा, ‘‘रविवार ईसाइयों के लिए बहुत महत्व और पूजा का दिन है और अब उस दिन पहले की तुलना में अधिक कार्यक्रम निर्धारित किए जा रहे हैं।’’
कुछ उदाहरण देते हुए केसीबीसी ने कहा कि 30 जून, रविवार का दिन सरकारी कर्मचारियों के लिए एक कार्य दिवस था। केसीबीसी ने कहा कि ओणम के अवसर पर होने वाली नौका दौड़ का आयोजन प्रत्येक वर्ष महीने के दूसरे शनिवार को होता था, लेकिन इस साल यह दौड़ रविवार को आयोजित की गई थी। राज्य में रविवार को प्रतियोगी परीक्षाओं और अन्य सार्वजनिक कार्यक्रमों के आयोजन में काफी तेजी आ रही है। और अब केरल सरकार ने दो अक्टूबर रविवार को राज्यव्यापी नशा विरोधी अभियान शुरू करने का फैसला किया है।
केसीबीसी ने बयान में कहा, ‘‘हम इस प्रवृत्ति का पुरजोर विरोध करते हैं और मांग करते हैं कि दो अक्टूबर को होने वाले कार्यक्रमों को एक या तीन अक्टूबर को पुनर्निर्धारित किया जाए।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)