देश की खबरें | 'इंडिया' गठबंधन और कांग्रेस की सरकार बनते ही देश में जाति जनगणना कराई जाएगी: लांबा

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा ने महिला अत्याचार और बेरोजगारी सहित विभिन्न मुद्दों को लेकर बृहस्पतिवार को केन्द्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्षी दलों का गठबंधन 'इंडिया' और कांग्रेस की सरकार बनते ही देश में जाति जनगणना करायी जाएगी।

जयपुर, 11 जनवरी अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा ने महिला अत्याचार और बेरोजगारी सहित विभिन्न मुद्दों को लेकर बृहस्पतिवार को केन्द्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्षी दलों का गठबंधन 'इंडिया' और कांग्रेस की सरकार बनते ही देश में जाति जनगणना करायी जाएगी।

यहां कांग्रेस के प्रदेश मुख्यालय में संवाददाताओं से बातचीत में लांबा ने केंद्र में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार के दस साल के कार्यकाल पर कटाक्ष किया।

उन्होंने आरोप लगाया, “पिछले दस सालों में हमारे लोकतंत्र और हमारे संविधान को गंभीर चोट पहुंचाई गई है। बेतहाशा बेरोजगारी ने हमारे युवाओं के सपनों और भविष्य को पूरी तरह से चकनाचूर कर दिया है।”

उन्होंने दावा किया,“अनुसूचित जाति व अनुसूचित जनजाति के खिलाफ भेदभाव बढ़ा है।”

लांबा ने कहा, “हमारी मांग है कि जाति जनगणना कराई जाये लेकिन मांग को नहीं माना गया। 'इंडिया' गठबंधन और कांग्रेस की सरकार बनते ही देश में जाति जनगणना करायी जायेगी।”

उन्होंने आरोप लगाया कि चुनी हुई सरकारों को अवैध रूप से गिराने के लिये विपक्ष के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय (ईडी), केन्द्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) और आयकर विभाग (आईटी) का इस्तेमाल करना आम बात हो गई है।

लांबा ने संसद से हाल में पारित किए कानूनों का जिक्र करते हुए कहा कि पूरे विपक्ष को निलंबित करके कानून बनाये जाते हैं जबकि चीन की घुसपैठ को 'क्लीन चिट' देकर राष्ट्रीय सुरक्षा को गंभीर खतरे में डाला गया है।

उन्होंने कहा, “जुमलों, ‘पीआर (जनसंपर्क) स्टंट’, ‘इवेंट’ के शोरगुल के माध्यम से नागरिकों के सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक जीवन को नष्ट कर दिया गया है।”

अयोध्या में राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में भाग न लेने के सवाल पर लांबा ने कहा, “राजनीति का धर्म होना चाहिए लेकिन धर्म पर राजनीति नहीं होनी चाहिए। धर्म पर राजनीति करके, वोटों का ध्रुवीकरण करके वोट हासिल करके सत्ता पाने का प्रयास नहीं होना चाहिए।”

उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' मणिपुर से पूर्व से पश्चिम गुजरात होते हुए महाराष्ट्र के मुंबई तक पहुंचेगी।

मणिपुर से 14 जनवरी को यह यात्रा शुरू होगी और 20 मार्च को इसका मुंबई में समापन होगा। यह यात्रा लगभग 6713 किलोमीटर का सफर करेगी। यह यात्रा 15 राज्यों से 110 जिलों में होकर गुजरेगी।

उन्होंने कहा, “ पहली यात्रा भारत जोड़ने की यात्रा थी और हम देश को जोड़ने और देश के मुद्दों से जोड़ने में कामयाब हुए। इस यात्रा में न्याय शब्द जोड़ा गया है। भारत जोड़ो अब यह न्याय यात्रा है।”

इस अवसर पर कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने राज्य की भाजपा सरकार को पर्ची सरकार बताते हुए कहा, “यह सरकार केवल बातें करने के लिये है, काम करने के लिए नहीं है।”

उन्होंने कहा, “भाजपा सरकार में कोई काम नहीं कर रहा है। राजस्थान को गुजरात मॉडल नहीं बनने देंगे। राजस्थान को गुजरात मॉडल की आवश्यकता नहीं है।”

कुंज पृथ्वी

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\