देश की खबरें | दिल्ली महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी पर किशोरी का यौन उत्पीड़न करने का मामला दर्ज
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. दिल्ली सरकार के महिला एवं बाल विकास विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी पर एक किशोरी का कथित रूप से कई बार यौन उत्पीड़न करने और उसे गर्भवती कर देने का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।
नयी दिल्ली, 20 अगस्त दिल्ली सरकार के महिला एवं बाल विकास विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी पर एक किशोरी का कथित रूप से कई बार यौन उत्पीड़न करने और उसे गर्भवती कर देने का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि किशोरी का गर्भपात कराने के लिए उसे दवाइयां देने को लेकर अधिकारी की पत्नी को भी मामले में आरोपित किया गया है।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि आरोपी ने नवंबर 2020 और जनवरी 2021 के बीच अपने मित्र की बेटी का कथित तौर पर कई बार यौन उत्पीड़न किया।
अधिकारी ने बताया कि यह विषय उस वक्त प्रकाश में आया, जब 12वीं कक्षा की छात्रा ने घटना के बारे में हाल में एक अस्पताल में एक काउंसलर को बताया। घबराहट महसूस (एंक्जाइटी अटैक) होने के बाद उसे वहां भर्ती कराया गया था।
अपने पिता की एक अक्टूबर 2020 को मौत हो जाने के बाद किशोरी, आरोपी और उसके परिवार के साथ उनके घर पर रह रही थी। आरोपी ने इस मौके का इस्तेमाल कथित तौर पर कई बार उसका यौन उत्पीड़न करने के लिए किया था।
पीड़िता जब गर्भवती हो गई, उसने आरोपी की पत्नी को इसकी जानकारी दी, जिसने बाद में अपने बेटे को उसका गर्भपात कराने के लिए दवाइयां लाने को कहा और इसे किशोरी को दे दिया।
किशोरी जनवरी 2021 में अपनी मां के साथ घर लौटी। उसे इस साल अगस्त में घबराहट महसूस होने के बाद उसकी मां ने सेंट स्टीफेंस अस्पताल में भर्ती कराया था, जहां पीड़िता ने काउंसलिंग सत्र के दौरान पूरी घटना के बारे में बताया।
पुलिस ने बताया कि बाद में, अस्पताल ने बुराड़ी पुलिस थाने को इसकी सूचना दी और आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की संबद्ध धाराओं तथा यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम के तहत एक मामला दर्ज किया गया।
अधिकारी ने बताया कि किशोरी का बयान मजिस्ट्रेट के समक्ष दर्ज किया जाना अभी बाकी है। उन्होंने बताया कि मामले में पूछताछ की जा रही है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)