देश की खबरें | दिल्ली में ग्राहक को लूटने के आरोप में कैब ड्राइवर गिरफ्तार

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. दक्षिण दिल्ली से एक कैब चालक को एक ग्राहक को कथित रूप से लूटने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।

नयी दिल्ली, 27 अगस्त दक्षिण दिल्ली से एक कैब चालक को एक ग्राहक को कथित रूप से लूटने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि आरोपी कैब चालक की पहचान संगम विहार निवासी पंकज साहनी (31) के रूप में हुई है।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि लूट की इस घटना की शिकायत डिफेंस कॉलोनी थाने में दर्ज की गई थी। तहरीर के अनुसार, 20 और 21 अगस्त की दरमियानी रात को शिकायकर्ता ने कैब किराये पर ली।

अधिकारी ने बताया, जब वह साउथ एक्सटेंशन-2 बस स्टॉप पर पहुंचे, तो साहनी और उसके सहयोगी ने कैंची जैसा कोई धारदार हथियार दिखा कर उनका बैग लूट लिया, जिसमें 500 रुपये नकद और एक मोबाइल फोन था।

पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) चंदन चौधरी ने कहा, जांच के दौरान पता चला कि साहनी और उसका सहयोगी दक्षिणी दिल्ली के इलाके में मोबाइल फोन लूट के कई मामलों में संलिप्त हैं। उन्होंने कहा, शनिवार दोपहर करीब पौने चार बजे साहनी को गिरफ्तार कर लिया गया।

डीसीपी ने बताया कि साहनी ने लूट में अपनी संलिप्तता स्वीकार करते हुए बताया कि वह शराब पीने और ऐशो-आराम की जिंदगी जीने का शौकीन है। उन्होंने कहा, अपनी जरूरतों को पूरा करने के लिए साहनी ने कैब बुक करने वाले यात्रियों को लूटना शुरू कर दिया।

पुलिस ने बताया कि आरोपी के पास से चोरी का एक मोबाइल फोन, एक बैग, एक जोड़ी कैंची और कैब बरामद की है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\