नयी दिल्ली, दो अक्टूबर केंद्र सरकार ने वरिष्ठ नौकरशाही में रविवार को व्यापक फेरबदल करते हुए वरिष्ठ नौकरशाह अजय भादू को उप चुनाव आयुक्त नियुक्त किया।
कार्मिक मंत्रालय की ओर से जारी एक आदेश में कहा गया है कि गुजरात कैडर के 1999 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) अधिकारी भादू को 24 जुलाई, 2024 तक के लिए उप चुनाव आयुक्त पद पर नियुक्त किया गया है।
व्यापक फेरबदल के तौर पर केंद्र सरकार की विभिन्न सेवाओं से 35 नौकरशाहों को संयुक्त सचिव के रूप में नियुक्त किया गया है।
मध्य प्रदेश कैडर के 1998 बैच के आईएएस अधिकारी आकाश त्रिपाठी को इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के तहत माईगॉव के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) के रूप में नियुक्त किया गया है।
पंजाब कैडर के 2005 बैच के आईएएस अधिकारी बसंत गर्ग को स्वास्थ्य और परिवार कल्याण विभाग के तहत राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण का अतिरिक्त सीईओ बनाया गया है।
गुजरात कैडर के 2002 बैच के आईएएस अधिकारी लोचन सेहरा पांच साल के कार्यकाल के लिए भारतीय राष्ट्रीय अंतरिक्ष संवर्धन और प्राधिकरण केंद्र (इन-स्पेस), अहमदाबाद के संयुक्त सचिव होंगे।
फ्रैंकलिन एल खोबुंग और पंकज यादव को कृषि एवं किसान कल्याण विभाग में संयुक्त सचिव, राहुल शर्मा को आयुष मंत्रालय में संयुक्त सचिव, अजय यादव को संयुक्त सचिव, कैबिनेट सचिवालय और दीपक मिश्रा को रसायन तथा पेट्रो-रसायन विभाग का संयुक्त सचिव नियुक्त किया गया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY