देश की खबरें | इमारत जमींदोज : पत्नी-मां को खोने वाले सपा प्रवक्ता ने प्रशासन पर हत्या का आरोप लगाया

लखनऊ, 25 जनवरी राजधानी लखनऊ के हजरतगंज इलाके में एक बहुमंजिला इमारत ढहने की घटना में अपनी मां और पत्नी को खो चुके समाजवादी पार्टी (सपा) प्रवक्ता अब्बास हैदर ने प्रशासन पर बचाव कार्य में लापरवाही बरतने और हत्या समेत कई गंभीर आरोप लगाए हैं।

अपनी मां और पत्नी के शव लेने अस्पताल पहुंचे हैदर ने संवाददाताओं से बातचीत में आरोप लगाते हुए कहा कि बचाव के नाम पर सिर्फ तमाशा किया गया और लोग खड़े होकर फोटो और वीडियो बना रहे थे।

हैदर ने कहा, ‘‘मैंने बचाव दल से जहां पर खुदाई करने को कहा था, वहां नहीं की गई। मैं वहां का ढांचा अच्छी तरह जानता था, लेकिन जब मैंने कहा कि यहां पर खुदाई करो तो वहां नहीं किया गया। मेरे परिजन दम घुटने से मरे हैं।"

उन्होंने कहा उनके बार-बार कहने के बावजूद निर्धारित स्थान पर खुदाई नहीं की गई और नीचे के कई फ्लोर काट दिए गए।

हैदर ने कहा कि उन्होंने बचाव दल से कहा था कि लोग पहली मंजिल पर थे, लेकिन उनकी बात पर ध्यान नहीं दिया गया और पूरे छह घंटे तक तमाशा होता रहा।

हैदर ने कहा, ‘‘एक साथ कई टीम खड़ी रहीं, लेकिन काम नहीं हुआ। प्रशासन लगातार झूठ बोलता रहा। यह प्रशासन द्वारा हत्या है।"

हैदर ने आरोप लगाया कि सरकार के बड़े-बड़े अधिकारी और मंत्री वाहवाही लूटने के लिए मीडिया में बयान दे रहे हैं कि वे पीड़ितों के साथ खड़े हैं। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया अकाउंट के लिए वीडियो और फोटो खींचे जा रहे थे।

हजरतगंज क्षेत्र के वजीर हसन मार्ग पर स्थित अलाया अपार्टमेंट में रहने वाले लोगों का आशियाना मंगलवार शाम तेज धमाके की आवाज के साथ एकाएक जमींदोज हो गया। हर तरफ चीख-पुकार, अपनों को खोने की घबराहट और आशंकाओं के बीच मलबे से लोगों को बाहर निकालने का अभियान शुरू हुआ जो अभी तक जारी है।

इस हादसे में अब तक दो महिलाओं की मृत्यु हो चुकी है जबकि घायल 10 अन्य लोगों का अस्पताल में इलाज किया जा रहा है।

समाजवादी पार्टी (सपा) के प्रवक्ता अब्बास हैदर के परिवार पर तो मानो दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। इस घटना में उनकी मां बेगम हैदर (72) और पत्नी उजमा (46) की मृत्यु हो चुकी है, जबकि उनके पिता वरिष्ठ कांग्रेस नेता अमीर हैदर और छह साल का बेटा मुस्तफा अस्पताल में भर्ती हैं।

परिवार में इतना बड़ा हादसा हो जाने से गमजदा हैदर ने 'पीटीआई-' से कहा कि उनकी तो मानो दुनिया ही उजड़ सी गई है। एक झटके में उनकी मां और बीवी का साथ छूट गया यह जख्म शायद कभी नहीं भर पाएगा।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)