देश की खबरें | बीएसएफ ने मानव तस्करी को रोकने के लिए बांग्लादेश सीमा पर सतर्कता बढ़ाई
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने सीमा पार से मानव तस्करी की घटनाओं को रोकने के लिए 4,096 किलोमीटर लंबी भारत-बांग्लादेश सीमा पर अलर्ट जारी किया है।
नयी दिल्ली/कोलकाता, पांच जुलाई सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने सीमा पार से मानव तस्करी की घटनाओं को रोकने के लिए 4,096 किलोमीटर लंबी भारत-बांग्लादेश सीमा पर अलर्ट जारी किया है।
अधिकारियों ने कहा कि कोविड-19 लॉकडाउन के मद्देनजर मानव तस्करी की घटनाओं के बढ़ने की आशंका के चलते यह अलर्ट जारी किया गया है।
बीएसएफ के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि बल ने कोलकाता, गुवाहाटी, पूर्वोत्तर भारत के कुछ अन्य शहरों और दिल्ली तथा मुंबई जैसे शहरों में नौकरी दिलाने का लालच देकर गरीबों और जरूरतमंद लोगों को सीमा पार से लाने के तस्करों के कुछ नए तरीकों पर ध्यान केंद्रित किया है।
अधिकारी ने बताया कि बीएसएफ ने 19-29 जून के बीच लगभग दो सप्ताह में पांच बांग्लादेशी नागरिकों को रेलवे के डिब्बों से पकड़ा है जो पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले में आए थे।
उन्होंने बताया कि इन पांच लोगों की उम्र 12-25 वर्ष है। ऐसा समझा जाता है कि कोविड-19 लॉकडाउन के कारण रोजगार छिन जाने से इन लोगों को लालच देकर सीमा पार से तस्करी के माध्यम से लाया गया।
अधिकारियों ने बताया कि इसलिए बल ने अपनी सभी सीमा चौकियों पर सतर्कता बढ़ा दी है ताकि मानव तस्करी को रोका जा सके।
दिल्ली में बीएसएफ के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘हम इस मुद्दे पर अपने समकक्ष बीजीबी (बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश) के साथ समन्वय कर रहे हैं और यह सुनिश्चित करने के लिए हमारा संयुक्त प्रयास है कि सीमा की शुचिता बनी रहे। इसके साथ ही अपराधों की प्रभावी ढंग से जांच की जा रही है।’’
अधिकारी ने कहा, ‘‘बीएसएफ और बीजीबी के वर्तमान में सबसे अच्छे संबंध हैं। दोनों देशों का साझा इतिहास है और हम संबंधों को बेहतर बनाने के लिए काम कर रहे हैं।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)