देश की खबरें | पंजाब में बीएसएफ ने अंतरराष्ट्रीय सीमा पर दो पाकिस्तानी तस्कर पकड़े, 29 किलोग्राम हेरोइन बरामद

चंडीगढ़, 21 अगस्त सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) और पंजाब पुलिस ने फिरोजपुर में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर दो पाकिस्तानी तस्करों को पकड़ा और उनके पास से 29 किलोग्राम हेरोइन बरामद की। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि बीएसएफ जवानों ने खतरे को भांपते हुए तस्करों पर गोली चलाई, जिससे एक तस्कर को गोली लगी।

पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पाकिस्तान के कसूर जिले के कंगनपुर गांव निवासी मुहम्मद अजमल रियान और अलीपुर गांव निवासी सिवना के तौर पर की गई है।

बीएसएफ के एक अधिकारी ने बताया कि बल के जवानों ने रविवार- सोमवार की दरिमयानी रात दो बजकर करीब 45 मिनट पर पाकिस्तानी तस्करों की गतिविधि देखी।

उन्होंने बताया कि रविवार और सोमवार की दरमियानी रात को बीएसएफ तथा पंजाब पुलिस गट्टी मटर गांव के पास सतलुज नदी के किनारे एक संयुक्त अभियान चला रही थी।

अधिकारी के अनुसार, तस्करों के पास से हेरोइन के 26 पैकेट (29.26 किलोग्राम) बरामद हुए। उन्होंने बताया कि घायल तस्कर को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, उसके हाथ में गोली लगने से चोट आई है और उसका उपचार किया जा रहा है।

डीजीपी यादव ने बताया कि पंजाब पुलिस ने अगस्त में हेरोइन की आठ खेप पकड़ी है। उन्होंने बताया कि इसी के साथ गत 20 दिन में 142 किलोग्राम हेरोइन जब्त की गई है।

विशेष डीजीपी आर एन ढोके ने बताया कि आंतरिक सुरक्षा इकाई ने इस साल जनवरी से अबतक 193 किलोग्राम हेरोइन जब्त की है।

पुलिस ने बताया कि इस महीने लुधियाना से आठ किलोग्राम हेरोइन, तरन-तारन से पांच किलोग्राम, अमृतसर से कुल 93 किलोग्राम (अलग-अलग खेप में क्रमश: 12 किलोग्राम, 77 किलोग्राम और चार किलोग्राम) हेरोइन जब्त की गई है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)