देश की खबरें | बीएसएफ ने राजस्थान में अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास दो पाकिस्तानी तस्करों को मार गिराया

नयी दिल्ली/बाड़मेर, दो मई सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने मादक पदार्थ की तस्करी में लिप्त होने के संदेह में दो पाकिस्तानी नागरिकों को राजस्थान में भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास मार गिराया।

अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

बीएसएफ के एक प्रवक्ता ने बताया कि घटना सोमवार रात नौ बजे बाड़मेर सीमाक्षेत्र की है।

उन्होंने बताया कि घुसपैठियों को मार गिराने के बाद तलाशी में करीब तीन किलोग्राम संदिग्ध मादक पदार्थ जब्त किया गया।

प्रवक्ता ने कहा कि 13वीं बटालियन से बीएसएफ का गश्ती दल ड्यूटी पर था, इसी दौरान रात नौ बजे उन्होंने सीमा पर तारबंदी के निकट संदिग्ध गतिविधि देखी।

उन्होंने कहा, ‘‘ अभियान दल ने तत्काल कमान संभाल ली और उन्होंने घुसपैठियों को ललकारा लेकिन घुसपैठियों ने जवानों की बात को गंभीरता से नहीं लिया और सीमा सुरक्षा तारबंदी की ओर बढ़ने लगे।’’

प्रवक्ता के अनुसार,‘‘ उन्हें तारबंदी पार करने से रोकने और आत्मरक्षा के लिए बीएसएफ के जवानों ने घुसपैठियों पर गोलियां चलाईं।’’

उन्होंने बताया कि घटनास्थल से दो पाकिस्तानी घुसपैठियों के शव और संदिग्ध हेरोइन के तीन पैकेट बरामद हुए हैं।

भारत के पश्चिमी क्षेत्र में पाकिस्तान के साथ लगभग 1,036 किलोमीटर लंबी सीमा राजस्थान से लगती है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)