देश की खबरें | भाजयुमो ने अजमेर और जयपुर में प्रदर्शन किया
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के कार्यकर्ताओं ने राज्य की कांग्रेस सरकार के खिलाफ मंगलवार को अजमेर और जयपुर में प्रदर्शन किया। भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने अजमेर में प्रदर्शन राज्य में विभिन्न भर्ती परीक्षाओं के पेपर ‘‘लीक’’ होने के विरोध में जबकि जयपुर में प्रदर्शन जोधपुर में एक दलित युवती से सामूहिक दुष्कर्म की घटना को लेकर किया।
जयपुर, 18 जुलाई भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के कार्यकर्ताओं ने राज्य की कांग्रेस सरकार के खिलाफ मंगलवार को अजमेर और जयपुर में प्रदर्शन किया। भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने अजमेर में प्रदर्शन राज्य में विभिन्न भर्ती परीक्षाओं के पेपर ‘‘लीक’’ होने के विरोध में जबकि जयपुर में प्रदर्शन जोधपुर में एक दलित युवती से सामूहिक दुष्कर्म की घटना को लेकर किया।
पुलिस के अनुसार जयपुर में पथराव में दो मीडियाकर्मियों सहित नौ लोगों को चोटें लगीं व आठ प्रदर्शनकारी हिरासत में लिए गए।
भाजयुमो के कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को अजमेर में राजस्थान लोक सेवा आयोग (आरपीएससी) कार्यालय के पास प्रदर्शन किया। ‘‘युवा आक्रोश महा घेराव प्रदर्शन’’ के लिए इकट्ठा हुए भाजयुमो कार्यकर्ता बैरिकेडिंग पर चढ़ गए जिन्हें पुलिस ने हल्का बल कर पीछे धकेल दिया।
आयोग के कार्यालय के पास पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर प्रदर्शनकारियों को रोक दिया। बैरिकेड पर चढ़कर उसे पार करने की कोशिश कर रहे कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हल्का बल प्रयोग करके पीछे धकेल दिया।
भाजयुमो के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या ने ट्वीट किया, ‘‘राजस्थान की अशोक गहलोत सरकार ने भाजयुमो के विरोध को सबसे अलोकतांत्रिक तरीके से दबा दिया है।’’
उन्होंने ट्वीट में दावा किया, ‘‘हमारे कार्यकर्ताओं पर अकारण लाठीचार्ज के परिणामस्वरूप 70 से अधिक कार्यकर्ताओं को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा है। चार गंभीर रूप से घायल हैं जबकि दो की हालत नाजुक है।’’
पार्टी के एक नेता ने बताया कि भाजपा के युवा मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष सहित कुछ कार्यकर्ताओं को चोट लगने पर उपचार के लिये अस्पताल ले जाया गया।
हालांकि पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को पीछे धकेलने में किये गये बल प्रयोग से किसी भी प्रदर्शनकारी को चोट लगने से इंकार किया। अजमेर जिला पुलिस अधीक्षक चूनाराम जाट ने बताया कि प्रदर्शनकारियों को सीआरपीसी की धारा 129 के तहत तितर-बितर किया गया।
अजमेर पुलिस के सर्किल अधिकारी (उत्तर) छवि शर्मा ने बताया कि सिविल लाइंस क्षेत्र में निषेधाज्ञा लागू है और प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेडिंग पर चढ़कर उसे पार करने की कोशिश की, उन्हें रोकने के लिये पुलिस ने उन्हें हल्का बल प्रयोग कर पीछे धकेला। उन्होंने कहा कि पुलिस द्वारा प्रदर्शनकारियों को पीछे धकेलने के दौरान किसी को चोट नहीं लगी। उन्होंने कहा कि प्रदर्शनकारियों की धक्का मुक्की में दो महिला कांस्टेबल को चोट लगी है।
दरअसल, प्रदर्शनकारी आरपीएससी कार्यालय का घेराव करने के लिये आगे बढ़ रहे थे। इस दौरान कुछ कार्यकर्ता बैरिकेड पर चढ़ गए, जिन्हें पुलिस ने पीछे धकेल दिया। इस दौरान भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष अंकित चेची घायल हो गए।
भाजयुमो के राष्ट्रीय अध्यक्ष और सांसद तेजस्वी सूर्या ने अपने संबोधन में कहा कि पिछले साढे चार साल में राजस्थान के युवाओं के प्रति घोर अन्याय हुआ है। उन्होंने कहा कि राज्य में लगातार 19 बार पेपर लीक होने से उन करोडो युवा साथियों का भविष्य के साथ खिलवाड़ करने का काम हुआ है जो दूर दराज गांवों से प्रतियोगी परीक्षाओं में भाग लेने आते थे।
उन्होंने कहा, ‘‘आने वाले दिनों में राजस्थान में युवाओं के आक्रोश को व्यक्त करने के लिये भारतीय जनता युवा मोर्चा एक सक्षम भूमिका, एक मंच के रूप में काम करेगा। युवाओं के आक्रोश को एकजुट करके पूरे प्रदेश में एक आंदोलन खड़ा करेंगे व एक नयी सरकार भाजपा के नेतृत्व में पूरे राजस्थान में लायेंगे।’’
वहीं राजधानी जयपुर में युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने जोधपुर में एक दलित युवती से सामूहित दुष्कर्म की घटना को लेकर विश्वविद्यालय परिसर के मुख्यद्वार पर प्रदर्शन किया और जेएलएन मार्ग को जाम कर दिया। पुलिस द्वारा प्रदर्शनकारियों को रास्ता जाम करने से रोकने पर विश्वविद्यालय परिसर के अंदर से पत्थरबाजी की गई।
गांधीनगर थानाधिकारी सुरेन्द्र यादव ने बताया कि पत्थरबाजी में पांच छात्र, दो मीडियाकर्मी और दो पुलिसकर्मी चोटिल हो गये। उन्होंने बताया कि प्रदर्शनकारियों ने एक मीडियाकर्मी का कैमरा भी तोड़ दिया।
उन्होंने बताया कि इस संबंध में आठ कार्यकर्ताओं को शांतिभंग के आरोप में सीआरपीसी की धारा 151 के तहत हिरासत में लिया गया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)