देश की खबरें | गुजरात स्थानीय निकाय चुनाव में भाजपा की बड़ी जीत

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. गुजरात में सत्तारूढ़ भाजपा ने सभी 31 जिला पंचायतों के साथ ही 231 तालुका पंचायतों में से 196 में और 81 नगरपालिकाओं में से 74 में स्पष्ट बहुमत हासिल कर निकाय चुनावों में बड़ी जीत हासिल की।

अहमदाबाद, दो मार्च गुजरात में सत्तारूढ़ भाजपा ने सभी 31 जिला पंचायतों के साथ ही 231 तालुका पंचायतों में से 196 में और 81 नगरपालिकाओं में से 74 में स्पष्ट बहुमत हासिल कर निकाय चुनावों में बड़ी जीत हासिल की।

राज्य में मुख्य विपक्षी पार्टी कांग्रेस ने केवल एक नगरपालिका और 18 तालुका पंचायतों में स्पष्ट बहुमत हासिल किया। वहीं एआईएमआईएम और आप ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज करायी।

इससे पहले गुजरात में पिछले महीने हुए निकाय चुनावों के पहले चरण में, भाजपा ने सभी छह नगर निगमों में जीत हासिल की थी।

दूसरे चरण के चुनावों के लिए मतगणना सुबह नौ बजे शुरू हुई और भाजपा ने 8,470 सीटों में से 6,236 सीटें जीतकर कांग्रेस को काफी पीछे छोड़ दिया। चार सीटों पर स्थिति अभी स्पष्ट नहीं है।

कांग्रेस केवल 1,805 सीटें जीत पायी जबकि आप और एआईएमआईएम ने क्रमश: 42 और 17 सीटें जीतीं।

असदुदीन ओवैसी की पार्टी एआईएमआईएम ने अरावली जिले के मोडासा नगरपालिका में नौ सीटें जीती। इसके साथ ही उसने एक सीट भरूच में और सात सीटें पंचमहाल के गोधरा में जीती।

आम आदमी पार्टी ने 31 सीटें तालुका पंचायत, दो सीटें जिला पंचायत में और नौ सीटें नगरपालिका में जीती।

ऐसे में जब भाजपा भारी जीत की ओर अग्रसर है, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि परिणामों से पता चलता है कि गुजरात पार्टी के विकास और सुशासन के एजेंडे के साथ मजबूती से कायम है।

उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘पूरे गुजरात में नगरपालिका, तालुका पंचायत और जिला पंचायत चुनावों के परिणाम एक स्पष्ट संदेश देते हैं - गुजरात भाजपा के विकास और सुशासन के एजेंडे के साथ है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा के प्रति अटूट विश्वास और स्नेह के लिए मैं गुजरात के लोगों को नमन करता हूं।’’

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने ट्वीट किया, ‘‘गुजरात के ग्रामीण इलाकों में लोगों और किसानों ने भाजपा को विजयी बनाया और गुजरात में स्थानीय निकाय चुनावों में सरकार की कल्याणकारी नीतियों पर विश्वास की मुहर लगाई।’’

शाह ने मुख्यमंत्री विजय रूपाणी, उप मुख्यमंत्री नितिन पटेल और प्रदेश भाजपा प्रमुख सी आर पाटिल के साथ-साथ पार्टी कार्यकर्ताओं को भी "शानदार जीत" के लिए बधाई। उन्होंने कहा, ‘‘मैं जनता को नमन करता हूं।’’

राज्य निर्वाचन आयोग ने कहा कि 8,474 सीटों में से 237 पर उम्मीदवार निर्विरोध रहे।

नगर पालिकाओं चुनाव में मतदान प्रतिशत 59.05, जिला पंचायतों के लिए 66.67 प्रतिशत और तालुका पंचायतों के लिए 66.86 प्रतिशत रहा।

तालुका पंचायतों में दो सीटों और नगरपालिकाओं में 24 सीटों के लिए उपचुनाव भी हुए।

भाजपा ने उन सभी छह नगर निगम में जीत दर्ज की थी जिसके लिए चुनाव पहले चरण में 21 फरवरी को हुए थे।

मुख्यमंत्री रूपाणी ने पार्टी की ‘‘अभूतपूर्व’’ जीत का स्वागत करते हुए कहा कि भाजपा ने पूरे राज्य में जीत हासिल की है, चाहे वह आदिवासी क्षेत्र हो, सौराष्ट्र या मध्य, उत्तर या दक्षिण गुजरात में हो, जबकि कांग्रेस का लगभग सफाया हो गया है।

उन्होंने कहा, ‘‘चुनावों के परिणामों ने साबित कर दिया है कि गुजरात भाजपा का गढ़ था ... यह भाजपा का गढ़ है, और यह भाजपा का गढ़ रहेगा।’’

आप के प्रदर्शन पर, रुपाणी ने कहा कि हजारों सीटों में से कुछ जीतना कोई मायने नहीं रखता।

उन्होंने कहा, ‘‘यहां तक ​​कि निर्दलीय उम्मीदवारों ने भी अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली पार्टी से अधिक सीटें जीती हैं।’’

वर्ष 2022 के विधानसभा चुनावों से पहले रूपाणी के लिए स्थानीय निकाय चुनावों के परिणाम एक प्रोत्साहन के रूप में आये हैं।

2017 के विधानसभा चुनावों में भाजपा के प्रदर्शन के बाद उनके नेतृत्व पर सवाल उठाए गए थे।

प्रदेश भाजपा प्रमुख पाटिल ने कहा कि लोगों ने 2015 के स्थानीय निकाय चुनावों में भी पार्टी को इतनी सीटें नहीं दी थीं, ‘‘लेकिन 2021 में लोगों ने अपने प्यार को ब्याज के साथ लौटा दिया है।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

संबंधित खबरें

KKR vs GT, IPL 2026 60th Match Scorecard: ईडन गार्डन स्टेडियम में कोलकाता नाइट राइडर्स ने गुजरात टाइटंस के सामने रखा 248 रनों का टारगेट, फिन एलन और अंगकृष रघुवंशी ने खेली धमाकेदार अर्धशतकीय पारी; यहां देखें पहली पारी का स्कोरकार्ड

DC vs RR, IPL 2026 62nd Match Date And Time: कब और कितने बजे से खेला जाएगा दिल्ली कैपिटल्स बनाम राजस्थान रॉयल्स के बीच रोमांचक मुकाबला? इस स्टेडियम में भिड़ेंगी दोनों टीमें, यहां जानें वेन्यू समेत मैच से जुड़ी सभी जानकारी

DC vs RR, IPL 2026 62nd Match Stats And Preview: प्लेऑफ की रेस में जीत दर्ज करने उतरेगी राजस्थान रॉयल्स, मैच से पहले जानें स्टैट्स एंड प्रीव्यू

KKR vs GT, IPL 2026 60th Match Live Score Update: ईडन गार्डन स्टेडियम में कोलकाता नाइट राइडर्स बनाम गुजरात टाइटंस के बीच खेला जा रहा हैं रोमांचक मुकाबला, यहां देखें मैच का लाइव स्कोर अपडेट