देश की खबरें | खादी का प्रचलन बढ़ाने के लिए भाजपा कार्यकर्ता दो से सात अक्टूबर तक चलाएंगे अभियान: नड्डा

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष जे पी नड्डा ने शनिवार को कहा कि पार्टी के देश भर के कार्यकर्ता दो से सात अक्टूबर तक खादी भंडारों का दौरा करेंगे और इसके प्रचलन को प्रोत्साहित करने का अभियान चलाएंगे और स्वयं भी इसके उत्पाद खरीदेंगे।

नयी दिल्ली, दो अक्टूबर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष जे पी नड्डा ने शनिवार को कहा कि पार्टी के देश भर के कार्यकर्ता दो से सात अक्टूबर तक खादी भंडारों का दौरा करेंगे और इसके प्रचलन को प्रोत्साहित करने का अभियान चलाएंगे और स्वयं भी इसके उत्पाद खरीदेंगे।

राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती पर नड्डा ने राजधानी के कनॉट प्लेस स्थित खादी उद्योग भंडार का दौरा किया और वहां से खादी के कुछ उत्पाद खरीदे।

इस अवसर पर पत्रकारों को संबोधित करते हुए नड्डा ने कहा कि गांधी के सपनों का भारत बनाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ग्राम स्वराज, स्वच्छता सफाई और देश को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में काम कर रही है।

उन्होंने कहा कि मोदी के नेतृत्व वाली सरकार ने अभी तक 11 करोड़ से अधिक शौचालय बने और महिलाओं का सशक्तीकरण किया गया। इसी प्रकार खादी के इस्तेमाल में 188 प्रतिशत की वृद्धि हुई है जबकि इसके उत्पादन में 101 प्रतिशत और बिक्री में 129 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।

उन्होंने कहा कि 2020-2021 में खादी की कुल बिक्री 96,000 करोड़ तक पहुंच गई है और खादी के इस्तेमाल में हुई वृद्धि से छह लाख रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए गए।

उन्होंने घोषणा की कि भाजपा के कार्यकर्ता देश भर के खादी भंडारों में जाएंगे और उत्पाद खरीदने के साथ ही लोगों को इसके लिए प्रोत्साहित करेंगे।

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि खादी के अधिक से अधिक उपयोग से जहां ग्राम स्वराज की अवधारणा मजबूत होती हैं वहीं आत्मनिर्भर भारत अभियान को बल मिलता है।

केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने गांधी जयंती के अवसर पर खादी के उपयोग को प्रोत्साहित करने के लिए चरखा चलाया। ज्ञात हो कि चरखा खादी का प्रतीक चिह्न है।

भाजपा के अन्य नेताओं व केंद्रीय मंत्रियों ने गांधी जयंती के अवसर पर स्वच्छता अभियान चलाया। इस अभियान की शुरुआत 2014 में गांधी जयंती पर प्रधानमंत्री मोदी ने की थी।

इसके तहत केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने धर्मशाला में स्वच्छता अभियान चलाया जबकि सूचना प्रसारण एवं राज्य मंत्री एल मुरुगन ने ऑल इंडिया रेडिया के परिसर में झाडू लगाकर सफाई अभियान चलाया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now