देश की खबरें | मप्र में सैन्य अफसरों पर हमले में भाजपा कार्यकर्ताओं और उनके रिश्तेदारों का हाथ : कांग्रेस

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कांग्रेस की मध्यप्रदेश इकाई ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि इंदौर जिले के महू के पास दो युवा सैन्य अधिकारियों पर हमले और उनकी एक महिला मित्र से कथित दुष्कर्म की घटना के पीछे सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कुछ कार्यकर्ताओं और उनके रिश्तेदारों का हाथ है।

भोपाल, 13 सितंबर कांग्रेस की मध्यप्रदेश इकाई ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि इंदौर जिले के महू के पास दो युवा सैन्य अधिकारियों पर हमले और उनकी एक महिला मित्र से कथित दुष्कर्म की घटना के पीछे सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कुछ कार्यकर्ताओं और उनके रिश्तेदारों का हाथ है।

हालांकि, भाजपा ने इस आरोप को खारिज किया और विपक्षी दल पर इस मामले में ‘गलत धारणा’ फैलाने का आरोप लगाया।

महू सैन्य छावनी से लगभग 30 किलोमीटर दूर लोकप्रिय पर्यटन स्थल जाम गेट के पास मंगलवार और बुधवार की दरमियानी रात सेना के दो युवा अधिकारियों पर हमला किया गया और उनकी दो महिला मित्रों में से एक के साथ कथित तौर पर दुष्कर्म किया गया।

कांग्रेस की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने संवाददाताओं से कहा, “फिर से साबित हो गया है कि जब भी महिलाओं के खिलाफ दुष्कर्म और अत्याचार जैसी घटनाएं सामने आती हैं, तो भाजपा कार्यकर्ताओं और नेताओं का नाम सामने आता है। महू की घटना के पीछे भी भाजपा कार्यकर्ताओं, उनके रिश्तेदारों और पार्टी के अन्य नेताओं के रिश्तेदारों के नाम सामने आए हैं।”

उन्होंने कहा, “यह क्या संदेश देता है? यह दर्शाता है कि माफिया और बलात्कारियों का शासन है और अन्य लोग प्रशासन और सरकार से डरे बिना ऐसे कृत्यों में लिप्त हैं। महू की घटना में भाजपा कार्यकर्ताओं के रिश्तेदारों के नाम सामने आए हैं। मैं (मुख्यमंत्री) मोहन यादव से पूछना चाहता हूं कि यह कैसे संभव है कि आपकी सरकार में पार्टी कार्यकर्ताओं को कुछ भी करने की खुली छूट मिल गई है?”

पटवारी ने दलितों, आदिवासियों और महिलाओं के खिलाफ अत्याचारों के पीछे भाजपा से जुड़े लोगों का हाथ होने का आरोप लगाया और मध्यप्रदेश को देश का ‘सबसे असुरक्षित राज्य’ करार दिया। भाजपा की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष वीडी शर्मा ने पटवारी के आरोपों का खंडन किया।

उन्होंने ‘‘पीटीआई-वीडियो’’ सेवा से कहा, “कांग्रेस इस मुद्दे पर गलत धारणा बनाने की कोशिश कर रही है।”

उन्होंने कहा कि राज्य में मोहन यादव की अगुवाई वाली भाजपा सरकार है और वह अपराधियों को एक सेकंड के लिए भी नहीं बख्शेगी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\