देश की खबरें | भाजपा हिमाचल प्रदेश में ‘कमजोर बूथ’ पर स्थिति मजबूत करने के लिए काम करेगी

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की हिमाचल प्रदेश इकाई 2024 के आम चुनावों को ध्यान में रखते हुए राज्य की चार लोकसभा सीटों के कमजोर बूथ पर अपनी स्थिति मजबूत करने के लिए कदम उठाएगी।

हमीरपुर (हिमाचल प्रदेश), चार फरवरी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की हिमाचल प्रदेश इकाई 2024 के आम चुनावों को ध्यान में रखते हुए राज्य की चार लोकसभा सीटों के कमजोर बूथ पर अपनी स्थिति मजबूत करने के लिए कदम उठाएगी।

भाजपा नेता मतदाताओं को केंद्र में पार्टी के नेतृत्व वाली सरकार द्वारा किए गए विकास कार्यों से अवगत कराएंगे। ऊना में शुक्रवार रात भाजपा की प्रदेश इकाई कोर कमेटी की बैठक में यह निर्णय लिया गया।

पार्टी के एक प्रवक्ता ने शनिवार को बताया कि बैठक की अध्यक्षता प्रदेश भाजपा प्रमुख सुरेश कश्यप ने की। इसमें भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सौदान सिंह सहित अन्य शीर्ष नेता भी शामिल हुए।

प्रवक्ता के मुताबिक, बैठक में फैसला किया गया कि हिमाचल प्रदेश की सभी चार लोकसभा सीटों पर ‘‘कमजोर बूथ’’ चिह्नित किए जाएंगे और मौजूदा सांसद इन बूथ वाले क्षेत्रों में रहेंगे।

इसके अलावा, भाजपा इन क्षेत्रों में आम लोगों तक पहुंचेगी और उन्हें पिछले पांच वर्षों के दौरान केंद्र और राज्य में पार्टी की सरकार द्वारा की गई विकास पहलों और जन कल्याणकारी कार्यों के बारे में बताएगी।

पार्टी प्रवक्ता के अनुसार, राज्यसभा सदस्य इंदु गोस्वामी कांग्रेस के नियंत्रण वाली एकमात्र लोकसभा सीट मंडी निर्वाचन क्षेत्र में डेरा डालेंगी और संगठन को मजबूत करने पर काम करेंगी।

उन्होंने बताया कि करीब चार घंटे की बैठक में कांग्रेस नीत राज्य सरकार को घेरने की रणनीति पर भी चर्चा हुई। इसके अलावा, नवंबर में हुए विधानसभा चुनाव में भाजपा की हार के कारणों की भी समीक्षा की गई।

पार्टी के प्रदेश प्रमुख कश्यप ने कहा कि भाजपा एक अनुशासित राजनीतिक दल है और वह अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव में पार्टी के खिलाफ काम करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\