देश की खबरें | भाजपा को न तो आशीर्वाद मिलेगा, न ही जनसमर्थन: खाचरियावास

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. राजस्थान के परिवहन मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास ने भाजपा की जन आशीर्वाद यात्राओं पर कटाक्ष करते हुए बृहस्पतिवार को कहा कि कोरोना वायरस संकट में विफल रही भाजपा ने देश को धोखा दिया है और उसे न तो किसी का आशीर्वाद मिलेगा, न ही जन समर्थन।

जयपुर, 19 अगस्त राजस्थान के परिवहन मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास ने भाजपा की जन आशीर्वाद यात्राओं पर कटाक्ष करते हुए बृहस्पतिवार को कहा कि कोरोना वायरस संकट में विफल रही भाजपा ने देश को धोखा दिया है और उसे न तो किसी का आशीर्वाद मिलेगा, न ही जन समर्थन।

भाजपा की जन आशीर्वाद यात्रा के बारे में खाचरियावास ने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘ये (केंद्र) सरकार जनकल्याण और विकास के रास्ते पर नहीं चल रही। झूठे नारे व झूठे वादों पर ये लोग निकले हैं इन्हें न तो कोई आशीर्वाद मिलेगा न ही जनता का समर्थन मिलेगा।’’

भाजपा व भाजपा नेताओं पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा, ‘‘ये लोग झूठे हैं, धोखेबाज हैं। इन्होंने देश के साथ धोखा किया है। कोरोना वायरस संकट में ये लोग विफल रहे और देश इन्हें कभी माफ नहीं करेगा।’’

उन्होंने कहा कि आशीर्वाद मांगना सबका अधिकार है लेकिन मोदी सरकार के मंत्रियों को यह बताना चाहिए कि डेढ साल में उनकी उपलब्धि क्या रही।

उन्होंने कहा, ‘‘क्या भाजपा इस बात का आशीर्वाद मांगने आई है कि वह आक्सीजन नहीं दे पाई। पूरे देश में कोरोना वायरस संक्रमण से जो मौतें हुईं उसके लिए भाजपा जिम्मेदार है। पूरी दुनिया जानती है कि इन्हीं भाजपा के लोगों ने प्रबंधन नहीं किया।’’

उन्होंने कहा, ‘‘मेरी भाजपा के सब मंत्रियों को खुली चुनौती है कि डेढ साल का हिसाब दें। इनको हिसाब देना चाहिए, डेढ साल के काम का। बताएं कि कर्मचारी, मजदूर, किसान, विद्यार्थी कौन से वर्ग के लिए आपने क्या किया। एक भी योजना आप लाए क्या।’’

उन्होंने आरोप लगाया कि कोरोना वायरस काल में जब राजस्थान आक्सीजन संकट से जूझ रहा था तब भाजपा के राज्य के 25 में से एक भी सांसद सामने नहीं आया।

खाचरियावास ने कहा कि राज्य की अशोक गहलोत सरकार ने अपने जनघोषणा पत्र के 64 प्रतिशत वादे पूरे कर दिए हैं जबकि 28 प्रतिशत वादों पर काम चल रहा है। उन्होंने कहा कि गहलोत सरकार का एक ही मकसद है जनकल्याण और विकास।

उल्लेखनीय है कि केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने राजस्थान में अपनी जन आशीर्वाद यात्रा बृहस्पतिवार को शुरू की। यात्रा भिवाड़ी के अलवर बाईपास से शुरू हुई। यह जयपुर से होते हुए अजमेर जाएगी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\