देश की खबरें | भाजपा शासित एमसीडी को कूड़े के पहाड़ पर बुलडोजर चलाना चाहिए: गोपाल राय

नयी दिल्ली, 27 अप्रैल पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने बुधवार को कहा कि भाजपा शासित नगर निगमों (एमसीडी) को दिल्ली में कूड़े के पहाड़ों को साफ करने के लिए बुलडोजर का इस्तेमाल करना चाहिए। राय ने शहर में लैंडफिल पर बार-बार आग लगने के लिए एमसीडी में "भ्रष्टाचार" को जिम्मेदार ठहराया।

उत्तरी दिल्ली के भलस्वा लैंडफिल स्थल पर भीषण आग लगने के एक दिन बाद राय की यह टिप्पणी आई है। कई वीडियो में दिख रहा है कि आग से घना धुआं निकल रहा है जो आसमान को धुंधला कर रहा है।

उन्होंने पत्रकारों से कहा, “एक बात साफ है। एमसीडी में भाजपा ने 15 साल तक कूड़े के पहाड़ को लेकर कुछ नहीं किया। वे भ्रष्टाचार में लिप्त थे और यह आग उसी का परिणाम है।”

राय ने अतिक्रमण के खिलाफ दक्षिण दिल्ली नगर निगम के अभियान को लेकर किए गए सवाल के जवाब में कहा, “उन्हें उनके 15 साल के शासन में बने कूड़े के इन पहाड़ों को साफ करने के लिए बुलडोजर का इस्तेमाल करना चाहिए था।”

मंत्री ने मंगलवार रात दिल्ली प्रदूषण नियंत्रण समिति (डीपीसीसी) को उत्तरी दिल्ली में लैंडफिल स्थल पर आग लगने पर 24 घंटे के भीतर एक रिपोर्ट देने को कहा था।

राय ने 21 अप्रैल को कहा था कि दिल्ली सरकार सड़ते कचरे से मीथेन निकालने के लिए मुंबई में स्थापित एक प्रणाली का अध्ययन करेगी और लैंडफिल में आग लगने की घटनाओं को रोकने के लिए इसे राजधानी में लागू करेगी।

गाजीपुर लैंडफिल स्थल में 28 मार्च के बाद से तीन बार आग लग चुकी है।

लैंडफिल में फेंके जाना वाला गीला कचरा सड़ने पर मीथेन पैदा करता है। गर्म मौसम में मीथेन अपने आप आग पकड़ लेता है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)