देश की खबरें | श्रावण मास में वैद्यनाथ धाम और वासुकीनाथ मंदिर खोलने के लिए भाजपा सांसद उच्च न्यायालय पहुंचे
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. पवित्र श्रावण मास में देवघर के वैद्यनाथ धाम और वासुकीनाथ मंदिर खोलने के लिए सांसद निशिकांत दूबे ने झारखंड उच्च न्यायालय में जनहित याचिका दायर की है।
रांची, 24 जून पवित्र श्रावण मास में देवघर के वैद्यनाथ धाम और वासुकीनाथ मंदिर खोलने के लिए सांसद निशिकांत दूबे ने झारखंड उच्च न्यायालय में जनहित याचिका दायर की है।
भाजपा सांसद निशिकांत दूबे ने न्यायालय से श्रावन (सावन) और भाद्र (भादो) मास में यहां कांवड़ यात्रा और दर्शन के लिए मंदिर के कपाट आम लोगों के लिए खोलने का निर्देश देने का आग्रह उच्च न्यायालय से किया है।
यह भी पढ़े | कोरोना महामारी को लेकर WHO की चेतावनी, कहा- अगले हफ्ते तक कोविड-19 के मामले बढ़कर 1 करोड़ हो सकते हैं.
याचिका में कहा गया है कि वैद्यनाथ धाम और वासुकीनाथ मंदिर हिन्दुओं का एक प्रमुख तीर्थ स्थल है। यहां पूरे देश से लाखों श्रद्धालु हर साल सावन में कांवड़ लेकर भगवान शिव का जलाभिषेक करने आते हैं। मंदिर में नियमित पूजा भी होती है। इस कारण धार्मिक यात्रा के महत्व को देखते हुए मंदिर को खोला जाना चाहिए।
याचिका में कहा गया है कांवड़ यात्रा पर आज तक कभी रोक नहीं लगी है। प्राकृतिक आपदा और 19 वीं सदी में हैजा जैसी महामारी में भी मंदिर में पूजा होती थी और कांवड़ यात्रा जारी थी।
याचिका में पुरी की जगन्नाथ रथयात्रा को कुछ शर्तों के साथ जारी रखने के उच्चतम न्यायालय के आदेश का हवाला देते हुए कांवड़ यात्रा जारी रखने और दोनों मंदिर भक्तों के लिए खोलने का आग्रह न्यायालय से किया गया है।
गोड्डा के भाजपा सांसद दूबे ने बताया है कि उनकी याचिका शीघ्र ही सुनवाई के लिए न्यायालय के समक्ष लिये जाने की संभावना है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)