ताजा खबरें | भाजपा सांसदों ने राहुल गांधी के खिलाफ विशेषाधिकार हनन का नोटिस दिया

Get latest articles and stories on Latest News at LatestLY. भाजपा सांसदों संजय जायसवाल, राकेश सिंह और पी पी चौधरी ने आसन पर लोकसभा अध्यक्ष की मौजूदगी में सदन के सदस्यों से किसान आंदोलन में जान गंवाने वाले किसानों के सम्मान में मौन रहने के लिये कहने को लेकर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के खिलाफ विशेषाधिकार हनन का नोटिस दिया है।

नयी दिल्ली, 12 फरवरी भाजपा सांसदों संजय जायसवाल, राकेश सिंह और पी पी चौधरी ने आसन पर लोकसभा अध्यक्ष की मौजूदगी में सदन के सदस्यों से किसान आंदोलन में जान गंवाने वाले किसानों के सम्मान में मौन रहने के लिये कहने को लेकर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के खिलाफ विशेषाधिकार हनन का नोटिस दिया है।

लोकसभा में भाजपा सांसद संजय जायसवाल ने कहा कि चार बार के सांसद राहुल गांधी कल (बृहस्पतिवार को) सदन में अध्यक्ष की मौजूदगी में सांसदों से मौन धारण करने का आदेश दे रहे थे, ऐसा पहली बार देखने को मिला ।

उन्होंने कहा कि इससे सदन की मर्यादा और विशेषाधिकार का हनन हुआ है।

जायसवाल ने कहा, ‘‘ऐसे में मैंने राहुल गांधी और उन सभी सदस्यों के खिलाफ विशेषाधिकार हनन का नोटिस दिया है, जो सदन में खड़े हुए थे।’’

गौरतलब है कि बृहस्पतिवार को बजट पर चर्चा में हिस्सा लेते हुए राहुल गांधी ने आखिर में कहा था कि वह किसान आंदोलन में जान गंवाने वाले किसानों के सम्मान में दो मिनट का का मौन रखेंगे। इसके बाद वह अपने स्थान पर कुछ देर के लिए मौन खड़े रहे। उनके साथ कांग्रेस एवं कुछ अन्य दलों के सांसद भी खड़े हो गए।

भाजपा सांसद राकेश सिंह ने कहा कि चार बार के सांसद राहुल गांधी को क्या संसद में आचार के बारे में पता नहीं है ? उनकी अनभिज्ञता के कारण संसद की गरिमा को ठेस पहुंचे, यह हमें स्वीकार्य नहीं है ।

उन्होंने कहा कि सदन में कल राहुल गांधी ने असंसदीय आचरण किया और जब लोकसभा अध्यक्ष आसन पर थे, तब संसदीय विचार प्रवाह को स्तब्ध करने और मर्यादा को ठेस पहुंचाने वाला काम किया ।

सिंह ने कहा कि वह (राहुल) इसके लिये आसन से अनुमति ले सकते थे लेकिन उन्होंने संसदीय नियमों का पालन नहीं किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता देश को भ्रमित और कलंकित करने का कोई भी मौका नहीं छोड़ते ।

सिंह ने कहा कि इसलिये उन्होंने विशेषाधिकार हनन और संसद के नियमों का उल्लंघन करने का नोटिस दिया है ।

भाजपा संसद पी पी चौधरी ने कहा कि राहुल गांधी ने बृहस्पतिवार को जो किया, वह लोकतंत्र पर हमला और संसद जैसी संस्था के महत्व को कमतर करने का कार्य था। यह अवमानना का मामला है।

दीपक वैभव

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\