देश की खबरें | भाजपा सांसद ने दो सदस्यीय महाराष्ट्र सरकार को ‘एक दूजे के लिए’ बताया: सुले का दावा

मुंबई, दो अगस्त राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) की नेता सुप्रिया सुले ने मंगलवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक सांसद ने महाराष्ट्र में एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली सरकार को ‘एक दूजे के लिए’ बताया।

‘एक दूजे के लिए’ 1981 की प्रसिद्ध बॉलीवुड फिल्म का शीर्षक है।

सुले की ओर से यह निशाना ऐसे समय साधा गया है जब शिंदे और भाजपा की नयी सरकार के सत्ता में आने के एक महीने बाद भी मंत्रिमंडल विस्तार नहीं हुआ है।

वर्तमान में, मुख्यमंत्री शिंदे और भाजपा के उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ही राज्य मंत्रिमंडल के सदस्य हैं लेकिन उनके विभागों पर अभी फैसला नहीं हुआ है।

पुणे जिले के बारामती से लोकसभा सांसद सुले ने कहा, ‘‘आज, मैं भाजपा के एक लोकसभा सदस्य से बात कर रही थी जिन्होंने महाराष्ट्र सरकार को 'एक दूजे के लिए' बताया। यह तुलना कुछ ऐसी है जिसके बारे में मैंने कभी नहीं सोचा होगा।’’

सुले ने कहा कि शिंदे और फडणवीस ऐसे समय में सरकार चला रहे हैं, जब राज्य विभिन्न चुनौतियों का सामना कर रहा है, जिसमें अधिक बारिश के कारण फसलों का नुकसान और किसानों का बढ़ता कर्ज शामिल है।

राकांपा नेता ने कहा, ‘‘पहले (जब महा विकास आघाड़ी सरकार सत्ता में थी), हर जिले के लिए संरक्षक मंत्री की व्यवस्था थी, जिनसे हम संपर्क करते थे और स्थानीय मुद्दे को हल करने के लिए मदद लेते थे।’’

उन्होंने आरोप लगाया कि मंत्रियों की अनुपस्थिति में नयी सरकार में भ्रम की स्थिति है और यहां तक ​​कि वरिष्ठ अधिकारी भी बेखबर हैं।

इससे पहले शिवसेना ने शिंदे-फडणवीस सरकार का वर्णन करने के लिए 'एक दूजे के लिए' शब्दावली का इस्तेमाल किया था।

30 जून को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने वाले शिंदे कई बार कह चुके हैं कि मंत्रिमंडल का विस्तार जल्द ही किया जाएगा।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)