देश की खबरें | भाजपा विधायक शिवराम हेब्बार के बेटे विवेक कांग्रेस में शामिल
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कर्नाटक में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक अरबैल शिवराम हेब्बार के बेटे विवेक हेब्बार बृहस्पतिवार को उत्तर कन्नड़ जिले के बनवासी में अपने समर्थकों के साथ कांग्रेस पार्टी में शामिल हो गए।
बेंगलुरु, 11 अप्रैल कर्नाटक में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक अरबैल शिवराम हेब्बार के बेटे विवेक हेब्बार बृहस्पतिवार को उत्तर कन्नड़ जिले के बनवासी में अपने समर्थकों के साथ कांग्रेस पार्टी में शामिल हो गए।
भाजपा छोड़ने के बाद, विवेक हेब्बार कांग्रेस की राज्य इकाई के उपाध्यक्ष एवं पूर्व एमएलसी इवान डिसूजा और अन्य स्थानीय नेताओं की उपस्थिति में कांग्रेस में शामिल हुए।
उनके पिता एवं येल्लापुर विधानसभा क्षेत्र से विधायक शिवराम हेब्बार के भी कांग्रेस में शामिल होने की अटकलें लगाई जा रही हैं। शिवराम 27 फरवरी को कर्नाटक से राज्यसभा की चार सीट के लिए हुए चुनाव के दौरान मतदान के लिए नहीं आए थे।
पार्टी व्हिप के बावजूद शिवराम हेब्बार मतदान करने नहीं आये थे। हालांकि, बाद में उन्होंने अपनी अनुपस्थिति के लिए खराब स्वास्थ्य को जिम्मेदार ठहराया था।
भाजपा ने उन्हें नोटिस भी जारी किया था, जिसका उन्होंने जवाब दिया था।
शिवराम हेब्बार ने हाल में कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री एवं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डी के शिवकुमार से मुलाकात की थी। उन्होंने हालांकि दावा किया था कि यह बैठक उनके विधानसभा क्षेत्र में पानी के मुद्दों के बारे में थी।
शिवराम पहले कांग्रेस में थे। वह उन 17 कांग्रेस-जद(एस) विधायकों में से थे, जिन्होंने अपनी पार्टियों से इस्तीफा दे दिया था, जिसके कारण अंततः जुलाई 2019 में तत्कालीन मुख्यमंत्री एच डी कुमारस्वामी के नेतृत्व वाली गठबंधन सरकार गिर गई थी। शिवराम हेब्बार ने बाद में भाजपा के टिकट पर उपचुनाव जीता था और तत्कालीन सरकार में मंत्री रहे थे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)