ताजा खबरें | राज्यसभा में भाजपा सदस्यों ने कहा: आम बजट में आयकर में राहत देने से लोगों की क्रय शक्ति बढ़ेगी
Get latest articles and stories on Latest News at LatestLY. राज्यसभा में बृहस्पतिवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सदस्यों ने आम बजट में की गयी विभिन्न घोषणाओं का स्वागत करते हुए कहा कि आयकर पर छूट की सीमा बढ़ाने से मध्यम वर्ग की क्रय शक्ति बढ़ेगी।
नयी दिल्ली, 13 फरवरी राज्यसभा में बृहस्पतिवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सदस्यों ने आम बजट में की गयी विभिन्न घोषणाओं का स्वागत करते हुए कहा कि आयकर पर छूट की सीमा बढ़ाने से मध्यम वर्ग की क्रय शक्ति बढ़ेगी।
उच्च सदन में आम बजट 2025-26 पर चर्चा में भाग लेते हुए भारतीय जनता पार्टी की दर्शना सिंह ने कहा कि बजट में आयकर की जो सीमा बढ़ायी गयी है, उससे मध्यम वर्ग को बहुत लाभ मिलेगा और उनकी क्रय शक्ति बढ़ेगी।
उन्होंने कहा कि देश में एक ऐसा समय देखा गया जबकि यूरिया मांग रहे किसानों पर पुलिस लाठियां चलाती थी, किंतु आज नरेन्द्र मोदी सरकार ने यूरिया और उर्वरक पर ध्यान दिया है।
उन्होंने कहा कि आज किसानों के समक्ष यूरिया का कोई संकट नहीं है।
चर्चा में भाग लेते हुए भाजपा के बालयोगी उमेशनाथ ने कहा कि इस बजट में सरकार ने इस बात का पूरा ध्यान रखा है कि समाज में पंक्ति में खड़े अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचे।
उन्होंने कहा कि देश के लोग कई दशकों से रोटी-कपड़ा-मकान का नारा सुनते आये हैं, लेकिन नरेन्द्र मोदी सरकार सत्ता में आने के पहले दिन से इन तीनों के लिए काम कर रही है और आज लोगों को यह पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध कराये गये हैं।
उमेशनाथ ने कहा कि कुछ लोग कहते हैं कि अयोध्या में राम मंदिर बनने से क्या होगा? उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों को यह प्रश्न उठाने से पहले यह भी देखना चाहिए कि सरकार ने आरोग्य मंदिर भी बनवाये हैं।
उन्होंने कहा कि देश में पिछले 70 साल में जो काम नहीं किए गए, वे पिछले दस साल में किए गए हैं।
भाजपा की संगीता यादव ने चर्चा में भाग लेते हुए कहा कि मध्यम एवं लघु उद्योग क्षेत्र सहित विभिन्न क्षेत्रों में पिछले कुछ वर्षों में रोजगार के अवसर काफी बढ़े हैं।
उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के 2014 में सत्ता में आने के बाद से देश के युवाओं की सोच में यह बदलाव आया है कि वे जन प्रतिनिधि के पास रोजगार मांगने नहीं जाते, बल्कि इसलिए सहायता मांगते हैं ताकि वे अपना काम शुरू कर सकें।
भाजपा की संगीता बलवन्त ने आम बजट की सराहना करते हुए कहा कि वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने लगातार यह आठवां बजट पेश किया है। उन्होंने कहा कि यह राष्ट्र के प्रति सरकार की अटूट प्रतिबद्धता का ठोस प्रमाण है।
भाजपा के ही मिथिलेश कुमार ने बजट को देश की मजबूत अर्थव्यवस्था की आधारशिला रखने वाला बताया और कहा कि यह सर्वसमावेशी और दूरदर्शी बजट है जिससे रोजगार को बढ़ावा मिलेगा।
भाजपा सदस्य बृजलाल ने आरोप लगाया कि कांग्रेस की पूर्ववर्ती सरकारों में कृषि क्षेत्र की अनदेखी की गयी और देश एक समय खाद्यान्न के लिए अमेरिका पर निर्भर था। उन्होंने कहा कि इस सरकार ने उर्वरकों के उत्पादन के साथ मोटे अनाजों पर जोर दिया और अब मोटे अनाज ‘सुपर खाद्यान्न’ बन गए हैं।
उन्होंने कहा कि किसान सम्मान निधि के तहत किसानों को छह हजार रुपये सालाना मिलने से समाज के कमजोर तबके के कई लोग भूमिहीन होने से बच गए।
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) की सुनेत्रा पवार ने बजट के प्रावधानों का स्वागत करते हुए कहा कि इससे सभी वर्गों का विकास होगा। उन्होंने इसे ‘ड्रीम’ बजट करार देते हुए कहा कि इसमें 12 लाख रुपये तक की आय को करमुक्त कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि इससे लोगों की क्रयशक्ति बढ़ेगी, मांग बढ़ेगी जिससे अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
भाजपा के भुवनेश्वर कालिता ने कहा कि यह बजट ‘सबका साथ सबका विकास’ सिद्धांत को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। उन्होंने कहा कि यह बजट 2047 तक देश को विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य के लिए ‘रोडमैप’ है।
चर्चा में भाजपा के धनंजय महादिक, साधना सिंह आदि ने भी भाग लिया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)