देश की खबरें | भाजपा नेता विजय गोयल का दावा: 83 प्रतिशत लोग चाहते हैं कि गिरफ्तार होने पर केजरीवाल इस्तीफा दें
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता विजय गोयल ने शनिवार को एक सर्वेक्षण कराया और दावा किया कि इसमें शामिल किये गए 83 प्रतिशत लोगों ने यह राय दी कि आबकारी नीति मामले में यदि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार किया जाता है तो उन्हें अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए।
नयी दिल्ली, दो दिसंबर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता विजय गोयल ने शनिवार को एक सर्वेक्षण कराया और दावा किया कि इसमें शामिल किये गए 83 प्रतिशत लोगों ने यह राय दी कि आबकारी नीति मामले में यदि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार किया जाता है तो उन्हें अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए।
आम आदमी पार्टी (आप) ‘‘मैं भी केजरीवाल’’ अभियान चला रही है। पार्टी ने आरोप लगाया कि भाजपा ‘‘फर्जी’’ शराब घोटाला मामले में केजरीवाल को गिरफ्तार करवाने की साजिश रच रही है।
इस अभियान के तहत आप नेता एवं कार्यकर्ता इस बारे में जनता की राय ले रहे हैं कि यदि केजरीवाल को गिरफ्तार कर लिया जाता है तो क्या उन्हें अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए।
पिछले महीने, प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने दिल्ली आबकारी नीति से जुड़े कथित घोटाले में धनशोधन मामले में केजरीवाल को पूछताछ के लिए तलब किया था। मुख्यमंत्री केंद्रीय एजेंसी के समक्ष पेश नहीं हुए और दावा किया कि उन्हें तलब किया जाना ‘अवैध एवं राजनीति से प्रेरित’ है।
एक बयान में गोयल ने कहा कि लोक अभियान सामाजिक संगठन के कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर उन्होंने राजीव चौक-गेट नंबर छह पर सर्वेक्षण किया और उसमें 10,000 से अधिक लोगों ने हिस्सा लिया।
बयान के मुताबिक, लोगों से पूछा गया था कि यदि केजरीवाल को शराब घोटाला मामले में गिरफ्तार किया जाता है तो क्या उन्हें मुख्यमंत्री के पद से इस्तीफा दे देना चाहिए। बयान के अनुसार, 83 फीसदी से अधिक लोगों ने कहा कि केजरीवाल को इस्तीफा दे देना चाहिए।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)