देश की खबरें | बंगाल के नंदीग्राम में भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी ने राम मंदिर की आधारशिला रखी

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. पश्चिम बंगाल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी ने रविवार को रामनवमी के अवसर पर पूर्वी मेदिनीपुर जिले के नंदीग्राम में राम मंदिर की आधारशिला रखी।

कोलकाता, छह अप्रैल पश्चिम बंगाल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी ने रविवार को रामनवमी के अवसर पर पूर्वी मेदिनीपुर जिले के नंदीग्राम में राम मंदिर की आधारशिला रखी।

अधिकारी नंदीग्राम से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा)के विधायक हैं। यह वह स्थान है जहां 2007 में वाम मोर्चा शासन के दौरान तृणमूल कांग्रेस ने भूमि अधिग्रहण के खिलाफ लंबे समय तक आंदोलन किया था।

राम मंदिर की आधारशिला सोनाचुरा गांव में रखी गई, जहां छह जनवरी 2007 को स्थानीय प्रशासन द्वारा भूमि अधिग्रहण का विरोध कर रहे कम से कम सात लोगों की उपद्रवियों की ओर से की गई गोलीबारी में मौत हो गई थी।

भगवा कपड़ा पहने अधिकारी ने समर्थकों और श्रद्धालुओं की ओर से लगाए जा रहे ‘जय श्री राम’ के नारों के बीच मंदिर की नींव रखी।

उन्होंने कार्यक्रम के बाद संवाददाताओं से कहा,‘‘हम शांतिप्रिय लोग हैं; हम कभी भी ऐसा कुछ नहीं करेंगे जो कानून तोड़ने के बराबर हो।’’

अधिकारी ने कहा कि भक्तगण भगवान राम की पूजा और भक्ति गीतों में मगन थे। उन्होंने कहा कि हजारों वर्षों से रामनवमी मनाने का यह पारंपरिक तरीका रहा है।

वरिष्ठ भाजपा नेता ने रामनवमी को लेकर राज्य में राजनीतिक रूप से उग्र माहौल का जिक्र करते हुए कहा, ‘‘इस उत्सव को लेकर इतना शोर मचाने की कोई जरूरत नहीं थी।’’

अधिकारी ने कहा कि भगवान राम हिंदुओं के लिए विश्वास और आस्था के प्रतीक हैं और सोनाचुरा में जल्द ही मंदिर बनेगा।

इससे पहले, वरिष्ठ भाजपा नेता रामनवमी रैली का नेतृत्व करते हुए सोनाचुरा स्थित शहीद मीनार से प्रस्तावित मंदिर स्थल पर पहुंचे।

मुख्यमंत्री ममता बनर्जी इस महीने के अंत में पूर्व मेदिनीपुर जिले के समुद्र तटीय शहर दीघा में जगन्नाथ मंदिर का उद्घाटन करेंगी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\