देश की खबरें | भाजपा जम्मू कश्मीर में चुनाव के लिए तैयार: रैना

श्रीनगर, 17 जून भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शनिवार को कहा कि वह जम्मू-कश्मीर में चुनाव के लिए तैयार है। साथ ही उसने चुनाव आयोग से केंद्रशासित प्रदेश में चुनाव की तारीखें घोषित करने की अपील की।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष रवींद्र रैना ने यहां पार्टी की एक रैली को संबोधित करते हुए कहा , ‘‘ पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने कुछ दिनों पहले हम पर चुनाव से भागने का आरोप लगाया। मैं हाथ जोड़कर चुनाव आयोग से जम्मू कश्मीर में चुनाव की तारीखों की घोषणा करने का अनुरोध करता हूं।’’

उन्होंने कहा कि भाजपा को जम्मू कश्मीर में अपनी सरकार बनने का विश्वास है क्योंकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस केंद्रशासित प्रदेश में शांति तथा लोगों के कल्याण के लिए काम किया है।

उन्होंने कहा, ‘‘ भाजपा जम्मू कश्मीर में चुनाव के लिए पूरी तरह तैयार है। हमें विश्वास है कि कश्मीर के लोग इस बार पूरे दिल से भाजपा के पक्ष में वोट देंगे। मोदीजी द्वारा गरीबों एवं वंचितों के लिए किये गये काम के कारण कश्मीर के लोग भाजपा को वोट देंगे।

रैना ने कहा, ‘‘चाहे लोकसभा चुनाव हो या विधानसभा या स्थानीय चुनाव, भाजपा सभी चुनावों के लिए तैयार है। किसी को जनता से डरने की जरूरत नहीं है, लोगों को फैसला करना है और जनादेश राजनीतिक रणभूमि में आएगा। मुझे विश्वास है कि भाजपा जम्मू कश्मीर में अगली सरकार बनायेगी।’’

पार्टी के ‘हर घर चलो’ अभियान की शुरुआत करते हुए प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि मोदी सरकार का लक्ष्य गरीबों के कल्याण के लिए काम करना है।

उन्होंने कहा, ‘‘ हम चाहते हैं कि गरीब खुश रहें, हम गरीबों की सेवा करना चाहते हैं। सभी को यह महसूस होना चाहिए कि यह सरकार उनकी है, सभी को यह महसूस होना चाहिए कि उन्हें न्याय मिल रहा है।’’

अगले साल के लोकसभा चुनाव के वास्ते अपनी पार्टी के लिए माहौल बनाने की कोशिश करते हुए रैना ने कहा, ‘‘ हम चाहते हैं कि भाजपा कश्मीर से अगला लोकसभा चुनाव जीते।’’ उन्होंने लोगों से भाजपा को एक मौका देने की अपील की। उन्होंने कहा, ‘‘ हम लोगों के विकास एवं कल्याण के लिए काम करेंगे । हम सांप्रदायिक सद्भाव एवं भाईचारे के लिए काम करेंगे।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)