देश की खबरें | भाजपा ने धामनगर उपचुनाव के लिए पूर्व विधायक बी सी दास के बेटे सूरज को मैदान में उतारा
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी.
भुवनेश्वर, नौ अक्टूबर ओडिशा में विपक्षी दल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने धामनगर विधानसभा सीट के लिए तीन नवंबर को होने वाले उपचुनाव में सूर्यवंशी सूरज को अपना उम्मीदवार घोषित किया है।
भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति ने रविवार को दिवंगत भाजपा विधायक विष्णु चरण दास के पुत्र सूरज के नाम की घोषणा की।
भाजपा के एक वरिष्ठ नेता ने कहा कि सूरज के नाम को लेकर पार्टी में सर्वसम्मति थी।
सूरज अपने पिता के साथ मिलकर धामनगर निर्वाचन क्षेत्र की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। विष्णु चरण दास ने 2019 के चुनावों में सत्तारूढ़ बीजू जनता दल (बीजद) के उम्मीदवार राजेंद्र दास को 4,000 से अधिक मतों से हराया था।
भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा के 30 सितंबर को विष्णु चरण दास की याद में आयोजित एक स्मारक बैठक में शामिल होने के बाद सूरज ने धामनगर में चुनाव प्रचार शुरू कर दिया है।
इस बीच, बीजद और कांग्रेस ने अभी तक धामनगर उपचुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों की घोषणा नहीं की है, जहां नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 14 अक्टूबर है।
उपचुनाव के लिए तीन नवंबर को सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक मतदान होगा।
दास का 19 सितंबर को निधन हो जाने के बाद धामनगर सीट खाली हुई थी। मतगणना छह नवंबर को होगी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)