देश की खबरें | मध्यप्रदेश में भाजपा ने 1.50 करोड़ से अधिक सदस्य बनाए: वीडी शर्मा
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने सदस्यता अभियान के दौरान मध्यप्रदेश में 1.50 करोड़ से अधिक सदस्य बनाने का दावा किया है।
भोपाल, 16 अक्टूबर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने सदस्यता अभियान के दौरान मध्यप्रदेश में 1.50 करोड़ से अधिक सदस्य बनाने का दावा किया है।
मध्यप्रदेश भाजपा प्रमुख वीडी शर्मा ने बुधवार को कहा कि ऑफ़लाइन मिले आवेदनों को जोड़े जाने के बाद यह संख्या और बढ़ जाएगी। उन्होंने कहा कि 1.50 करोड़ में से 1,22,74,300 सदस्यों ने ऑनलाइन डिजिटल फॉर्म भरा है।
उन्होंने संवाददाताओं से कहा, "मध्यप्रदेश में भाजपा के 41 लाख कार्यकर्ताओं में से तीन लाख कार्यकर्ता सदस्यता अभियान में पूरी तरह से लगे रहे।”
शर्मा ने कहा कि यह अभियान दो सितंबर को शुरू हुआ और 25 सितंबर को पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर राज्य इकाई ने 12 लाख से अधिक सदस्य बनाकर एक रिकॉर्ड बनाया। उनके मुताबिक, एक अक्टूबर को शुरू हुए दूसरे चरण के अभियान के आखिरी दिन भाजपा ने 11 लाख से अधिक सदस्य बनाए।
उन्होंने कहा, "कड़ी मेहनत, समर्पण और सूक्ष्म योजना के साथ, भाजपा कार्यकर्ताओं ने 1,50,28,107 सदस्य बनाकर इतिहास रच दिया है।"
शर्मा ने कहा कि भाजपा अब सक्रिय सदस्यों को जोड़ने के लिए अभियान चलाएगी।
उन्होंने कहा कि कुछ क्षेत्रों में मोबाइल फोन और इंटरनेट के लिए उचित नेटवर्क की कमी के बावजूद डिजिटल फॉर्म भरने के मामले में मध्यप्रदेश अन्य राज्यों में अग्रणी है।
उन्होंने कांग्रेस पर भाजपा सदस्यता डेटा पर झूठ फैलाने का आरोप लगाया और कहा कि विपक्षी पार्टी झूठ फैलाने के लिए जानी जाती है।
प्रदेश भाजपा सचिव रजनीश अग्रवाल ने कहा कि जिन लोगों ने 50 या उससे अधिक प्राथमिक सदस्य बनाए हैं, वे सक्रिय सदस्य बनने के पात्र हैं।
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने 1.50 करोड़ से अधिक सदस्य बनाने के लिए भाजपा संगठन के नेताओं को बधाई दी।
यादव ने ‘एक्स’ पर कहा, "भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने भाजपा की मध्यप्रदेश इकाई को 1.5 करोड़ सदस्य बनाने का लक्ष्य दिया था, जिसे हमारे कार्यकर्ताओं ने निर्धारित समय के भीतर हासिल कर लिया।"
भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) बीएल संतोष ने भी भाजपा मध्यप्रदेश इकाई को बधाई दी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)