देश की खबरें | भाजपा ने उसकी जन आशीर्वाद यात्रा पर हमला किए जाने का आरोप लगाया, कांग्रेस को दोषी ठहराया
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की मध्य प्रदेश इकाई ने दावा किया कि प्रदेश के नीमच जिले में मंगलवार शाम उसकी जन आशीर्वाद यात्रा पर पत्थरों से हमला किया गया और उसने आरोप लगाया कि यात्रा में शामिल वाहनों में कांग्रेस समर्थकों ने तोड़फोड़ की।
भोपाल (मप्र), पांच सितंबर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की मध्य प्रदेश इकाई ने दावा किया कि प्रदेश के नीमच जिले में मंगलवार शाम उसकी जन आशीर्वाद यात्रा पर पत्थरों से हमला किया गया और उसने आरोप लगाया कि यात्रा में शामिल वाहनों में कांग्रेस समर्थकों ने तोड़फोड़ की।
विपक्षी कांग्रेस ने भाजपा के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि यह हमला सत्तारूढ़ भाजपा और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व वाली सरकार के खिलाफ लोगों का गुस्सा फूटना दर्शाता है।
जन आशीर्वाद यात्रा के इस चरण की शुरुआत रक्षा मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता राजनाथ सिंह ने सोमवार को नीमच से की थी।
भाजपा की मध्य प्रदेश इकाई के अध्यक्ष वी डी शर्मा ने कहा, ‘‘भाजपा की जन आशीर्वाद यात्रा को मिल रहे अपार जन समर्थन से घबराए कांग्रेसियों ने नीमच में यात्रा पर हमला कर वाहनों में तोड़फोड़ की है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘मैं कांग्रेस की इस हरकत की कड़ी आलोचना करता हूं। इन गुंडों को हम नहीं छोड़ेंगे। इनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।’’
शर्मा ने आरोप लगाया कि तोड़फोड़ करने वाले लोग सड़क किनारे पेड़ों के पीछे छिप गए और यात्रा पर पथराव किया और काफिले में शामिल वाहनों में तोड़-फोड़ की।
भाजपा नेता ने दावा किया कि यात्रा के मुख्य वाहन (रथ) और काफिले में शामिल अन्य वाहनों पर हमला किया गया।
भाजपा के आरोपों के बारे में पूछे जाने पर कांग्रेस की प्रदेश इकाई के मीडिया विभाग के अध्यक्ष के के मिश्रा ने जन आशीर्वाद यात्रा पर तंज कसते हुए कहा कि नाराज लोगों ने इस यात्रा को (हमला कर) अपना आशीर्वाद देना शुरू कर दिया है।
उन्होंने कहा, ‘‘वी डी शर्मा अपनी निजी हताशा कांग्रेस पर निकाल रहे हैं। जनता की ऐसी प्रतिक्रिया भाजपा के पाप के कारण आ रही है। मुख्यमंत्री ने हाल में लोगों को जूते वितरित किए, जो अब उन्हें प्यार से लौटा रहे हैं।’’
कांग्रेस की मध्य प्रदेश इकाई के पूर्व अध्यक्ष अरुण यादव ने एक्स पर लिखा, ‘‘मुख्यमंत्री शिवराज सिंह जी ने जो 18 वर्षों में कर्म किये है उसके परिणाम सामने आने लगे हैं। मनासा विधानसभा जिला नीमच के ग्राम रावलीकुड़ी में गांधी सागर वन अभयारण्य में चीता प्रोजेक्ट से नाराज़ किसानों ने जन आशीर्वाद यात्रा का विरोध किया एवं "कार्यानुसार आशीर्वाद" दिया है।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)