देश की खबरें | बीजद ने यूनेस्को कलिंग पुरस्कार के लिए विधानसभा में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित करने की मांग की

भुवनेश्वर, चार सितंबर संयुक्त राष्ट्र शैक्षणिक, वैज्ञानिक तथा सांस्कृतिक संगठन (यूनेस्को) के कलिंग पुरस्कार को ओडिया गौरव के प्रतीक के रूप में पेश करते हुए विपक्षी बीजू जनता दल (बीजद) ने बुधवार को इस अंतरराष्ट्रीय विज्ञान पुरस्कार को जारी रखने के समर्थन में विधानसभा में एक प्रस्ताव पारित करने की मांग की।

बीजद सदस्यों गौतम बुद्ध दास और कलिकेश सिंह देव ने शून्यकाल के दौरान यह मुद्दा उठाया। उन्होंने जोर देकर कहा कि ओडिशा ने यूनेस्को कलिंग पुरस्कार के माध्यम से अंतरराष्ट्रीय पहचान हासिल की है। इस पुरस्कार को 1952 से राज्य के प्राचीन नाम कलिंग के सम्मान में प्रदान किया जाता है।

दास ने चिंता जताई कि केंद्र ने पुरस्कार के लिए अपना समर्थन बंद कर दिया है और साथ ही इस बात पर प्रकाश डाला कि यह एकमात्र अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार है जिसके साथ भारत के एक राज्य का नाम जुड़ा हुआ है।

दास ने कहा, ‘‘यूनेस्को कलिंग पुरस्कार ओडिशा के लिए एक अनूठा सम्मान है और इसे बंद करने से नुकसान होगा।’’

बीजद अध्यक्ष और विपक्ष के नेता नवीन पटनायक ने 12 अगस्त को केंद्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री जितेंद्र सिंह को पत्र लिखकर कलिंग पुरस्कार के लिए समर्थन जारी रखने का आग्रह किया था।

अपने पत्र में पटनायक ने विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्रालय के समर्थन वापस लेने के फैसले पर निराशा व्यक्त की थी और इस बात पर जोर दिया था कि यह पुरस्कार विज्ञान को लोकप्रिय बनाने के लिए समर्पित भारत का एकमात्र अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार है।

पटनायक ने जोर देकर कहा कि पुरस्कार वैश्विक मंच पर ओडिया पहचान का प्रतीक बन गया है और राज्य के लोगों के लिए एक विरासत का प्रतिनिधित्व करता है।

बीजद के दोनों सदस्यों ने विधानसभा में उल्लेख किया कि इस पुरस्कार की स्थापना ओडिशा के पूर्व मुख्यमंत्री और प्रसिद्ध नेता बीजू पटनायक ने 1952 में कलिंग फाउंडेशन ट्रस्ट से 1,000 पाउंड के अनुदान के साथ की थी।

सिंह देव ने सुझाव दिया कि यदि केंद्र पुरस्कार का समर्थन करने में असमर्थ है तो ओडिशा सरकार को इसे जारी रखने के लिए जिम्मेदारी लेने पर विचार करना चाहिए।

बीजद विधायकों ने जिक्र किया कि अब तक यह पुरस्कार 72 वैज्ञानिकों को दिया जा चुका है जिनमें सात नोबेल पुरस्कार विजेता लुई डी ब्रोगिल, जूलियन हक्सले, बर्ट्रेंड रसेल, कार्ल वॉन फ्रिस्क, आर्थर सी क्लार्क, फ्रेड होयल और सर्गेई कपित्जा शामिल हैं।

ब्रजेन्द्र

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)