देश की खबरें | पाकिस्तान में अल्पसंख्यकों की हत्याओं पर जवाब देना चाहिए बिलावल भुट्टो को : चिश्ती
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. ऑल इंडिया सूफी सज्जादानशीन काउंसिल के अध्यक्ष सैयद नसीरुद्दीन चिश्ती ने शुक्रवार को कहा कि पाकिस्तान के विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो जरदारी को अपने देश में अल्पसंख्यकों की हाल ही में हुई हत्याओं पर जवाब देना चाहिए।
जयपुर, पांच मई ऑल इंडिया सूफी सज्जादानशीन काउंसिल के अध्यक्ष सैयद नसीरुद्दीन चिश्ती ने शुक्रवार को कहा कि पाकिस्तान के विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो जरदारी को अपने देश में अल्पसंख्यकों की हाल ही में हुई हत्याओं पर जवाब देना चाहिए।
अजमेर दरगाह दीवान के उत्तराधिकारी चिश्ती ने पाकिस्तान में अल्पसंख्यकों पर हो रहे अत्याचारों की निंदा करते हुए कहा कि पाकिस्तान बात तो बहुत करता है लेकिन आंतरिक रूप से उसके हालात के बारे में पूरी दुनिया जान चुकी है।
भुट्टो भारत में अल्पसंख्यकों पर हिंसा के आरोप लगाते रहे हैं। चिश्ती ने यहां एक बयान में कहा, ‘‘मैं इन दिनों हिंदुस्तान की यात्रा पर आए पाकिस्तान के विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो से पूछना चाहता हूं कि आखिर कब आपके मुल्क में इस तरीके से अल्पसंख्यकों को लक्षित करके उनकी हत्याएं होती रहेंगी। ’’
उन्होंने कहा, ‘आज हमें जो खबर सुनने को मिल रही है वहां पर बेगुनाह अध्यापकों का कत्ल किया गया है। आतंकवाद इस कदर पैर पसार चुका है कि वहां पर रहना भी दूभर हो गया है। आये दिन हमें खबरे सुनने को मिलती है कि वहां हिन्दुओं का जबर्दस्ती धर्मान्तरण किया जाता है और अल्पसंख्यकों पर अत्याचार किया जाता है।’’
उल्लेखनीय है कि अफगानिस्तान की सीमा से सटे पाकिस्तान के अशांत पश्चिमोत्तर जनजातीय जिले में लक्षित गोलीबारी की दो अलग-अलग घटनाओं में बृहस्पतिवार को आठ स्कूली शिक्षकों की मौत हो गई।
उन्होंने कहा कि ‘‘मैं परिषद की ओर से जो बेगुनाहों का कत्ल हुआ उनकी कडे शब्दों में निंदा करता हूं और पाकिस्तान की हुकूमत से यह मांग करता हूं कि वो अपने मुल्क में यह सुनिश्चित करे कि वहां के अल्पसंख्यकों की सुरक्षा कायम रहे और वो इस तरीके की आतंकवादी घटनाओं से बचे रहे।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)