देश की खबरें | मथुरा में बाइक सवार बदमाशों ने चांदी व्यापारी से एक करोड़ रुपये लूटे
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. मथुरा में सोमवार सुबह बदमाशों ने एक चांदी व्यापारी से एक करोड़ पांच लाख रुपए की नकदी लूट ली और देखते ही देखते फरार हो गए। नकाबपोश बदमाशों ने दिनदहाड़े एक पुलिस चौकी के सामने इस घटना को अंजाम दिया।
मथुरा, 16 अगस्त मथुरा में सोमवार सुबह बदमाशों ने एक चांदी व्यापारी से एक करोड़ पांच लाख रुपए की नकदी लूट ली और देखते ही देखते फरार हो गए। नकाबपोश बदमाशों ने दिनदहाड़े एक पुलिस चौकी के सामने इस घटना को अंजाम दिया।
पुलिस अधीक्षक (शहर) मार्तण्ड प्रकाश सिंह ने बताया कि यह घटना सोमवार सुबह करीब साढ़े दस बजे उस समय घटी जब थाना गोविंद नगर क्षेत्रा के मण्डी रामदास निवासी राजकुमार अग्रवाल का भतीजा अंकित उनकी चांदी की दुकान की बिक्री के एक करोड़ पांच लाख रुपए घटनास्थल से कुछ ही दूर पर स्थित स्टेट बैंक ऑफ इण्डिया की मुख्य शाखा में जमा कराने स्कूटी से जा रहा था।
सिंह ने बताया, तभी बाग बहादुर पुलिस चौकी के सामने से निकलते समय ही बाइक पर सवार नकाबपोश लुटेरों ने अंकित के साथ मारपीट कर बैग छीन लिया और पलक झपकते ही फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस के आला अधिकारी पुलिस चौकी के ठीक सामने हुई वारदात से सकते में आ गए।
पीड़ित अंकित की सूचना पर पुलिस अधिकारियों ने बदमाशों की तलाश शुरू कर दी और पुलिस घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज हासिल कर उन्हें खंगालने में लगी हुई है।
घटना की जानकारी मिलने पर आगरा परिक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक नवीन अरोड़ा भी मौके पर पहुंचे और उन्होंने अधिकारियों को मामले को अत्यधिक गम्भीरता से लेकर लुटेरों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने तथा व्यापारी को उसकी रकम दिलाने के लिए हरसंभव कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
अरोड़ा ने संवाददाताओं से बातचीत में उम्मीद जताई कि लुटेरे जल्द ही पकड़े जाएंगे।
सं. वैभव
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)