देश की खबरें | बिहार : हथियार बरामदगी मामले में राजद विधायक अनंत सिंह दोषी करार
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. बिहार में पटना की एक विशेष अदालत ने मोकामा विधानसभा सीट से राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के विधायक अनंत सिंह को बाढ़ थाना अंतर्गत नदवां गांव स्थित उनके निजी आवास से एके-47 राइफल और हथियार बरामद होने के मामले में मंगलवार को दोषी ठहराया।
पटना, 14 जून बिहार में पटना की एक विशेष अदालत ने मोकामा विधानसभा सीट से राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के विधायक अनंत सिंह को बाढ़ थाना अंतर्गत नदवां गांव स्थित उनके निजी आवास से एके-47 राइफल और हथियार बरामद होने के मामले में मंगलवार को दोषी ठहराया।
एमपी-एमएलए अदालत के विशेष न्यायाधीश त्रिलोकी दुबे इस मामले में 21 जून को अनंत सिंह को सजा सुनाए जाने के बिंदू पर सुनवाई करेंगे। सिंह मंगलवार को फैसला सुनाए जाने के समय अदालत कक्ष में मौजूद थे।
पत्रकारों से बात करते हुए सिंह के वकील सुनील कुमार ने कहा, ‘‘21 जून को सजा सुनाए जाने के बाद हम उच्च न्यायालय के समक्ष अपना पक्ष करेंगे।’’
सिंह वर्तमान में पटना की बेउर सेंट्रल जेल में बंद हैं। राजद नेता ने पहले सत्तारूढ़ जनता दल (यूनाइटेड) के नेताओं पर उनके खिलाफ साजिश रचने का आरोप लगाया था।
चुनावी दस्तावेजों के अनुसार अनंत सिंह हत्या, जबरन वसूली, अपहरण और अवैध हथियार रखने सहित कई आपराधिक मामलों का सामना कर रहे हैं।
यह मामला 16 अगस्त 2019 को करीब 11 घंटे तक चले तलाशी अभियान के दौरान पुलिस द्वारा विधायक के घर से एक एके-47 राइफल, दो हथगोले, 26 कारतूस और एक मैगजीन की बरामदगी से संबंधित है।
हथियार बरामदगी के बाद फरार रहे सिंह ने एक वीडियो जारी किया था, जिसमें उन्होंने दावा किया था कि राजनीतिक ताकतें एके-47 राइफल मामले में उनके खिलाफ ‘‘षड्यंत्र’’ कर रहीं हैं और वह पुलिस के सामने आत्मसमर्पण करने के बजाय सीधे अदालत में आत्मसमर्पण करेंगे।
विधायक ने अगस्त 2019 में नयी दिल्ली में साकेत अदालत के समक्ष आत्मसमर्पण किया था।
सिंह वर्ष 2005 से मोकामा विधानसभा सीट से चुनाव जीतते रहे हैं। पहले वह बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के करीबी माने जाते थे, हालांकि 2015 के बिहार विधानसभा चुनाव से पहले उनका कुमार के साथ मतभेद हो गया था जिसके चलते उन्हें जदयू से बाहर होना पड़ा। बाद में वह राजद में शामिल हो गए थे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)