देश की खबरें | बिहारः ड्यूटी पर शहीद हुए पुलिसकर्मियों की स्मृति में राज्य भर में स्मारक बनाए जाएंगे

पटना, चार सितंबर बिहार पुलिस ने सोमवार को कहा कि ड्यूटी पर शहीद हुए राज्य के पुलिसकर्मियों की स्मृति में राज्य भर में महत्वपूर्ण सार्वजनिक स्थानों पर स्मारक बनाए जाएंगे।

बिहार पुलिस मुख्यालय द्वारा सोमवार को यहां जारी एक बयान में कहा गया है कि ड्यूटी पर शहीद हुए पुलिसकर्मियों की स्मृति में राज्य भर में महत्वपूर्ण सार्वजनिक स्थानों पर भव्य स्मारक बनाए जाएंगे। बयान में कहा गया है, 1947 से 2022 तक बिहार पुलिस के कुल 1220 कर्मियों ने ड्यूटी के दौरान अपने जीवन का बलिदान दिया। हर साल 21 अक्टूबर को शहीद पुलिसकर्मियों के सम्मान में सभी जिलों में स्मृति परेड आयोजित की जाएगी।

बयान में कहा गया है कि इस संबंध में एक विस्तृत प्रस्ताव जल्द ही सक्षम प्राधिकारी को भेजा जाएगा।

इस आशय का निर्णय पुलिस महानिदेशक आर. एस. भट्टी की अध्यक्षता में एक उच्च स्तरीय बैठक में लिया गया।

बयान में आगे कहा गया है कि पुलिस स्मरणोत्सव दिवस 21 अक्टूबर को 1959 में लद्दाख में चीनी सैनिकों के हमले में मरने वाले 10 सीआरपीएफ कर्मियों की शहादत की याद में मनाया जाता है। हम पुलिस स्मृति दिवस पर उन बहादुर लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं जिन्होंने देश की रक्षा करते हुए अपने प्राणों की आहुति दे दी।

इसके अलावा राज्य पुलिस ने एक कल्याण समिति गठित करने का भी निर्णय लिया है जो यह सुनिश्चित करेगी कि शहीद पुलिसकर्मियों के परिवार के सदस्यों को सरकार द्वारा प्रदान की जाने वाली सभी सुविधाएं मिलें।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)