देश की खबरें | पुल ढहने की जांच सीबीआई को सौंपे बिहार सरकार: भाजपा
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बुधवार को बिहार सरकार को भागलपुर जिले में एक निर्माणाधीन पुल के ढहने की घटना की जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) को सौंपने की चुनौती दी। पार्टी ने आरोप लगाया कि दोषियों को बचाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
नयी दिल्ली, सात जून भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बुधवार को बिहार सरकार को भागलपुर जिले में एक निर्माणाधीन पुल के ढहने की घटना की जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) को सौंपने की चुनौती दी। पार्टी ने आरोप लगाया कि दोषियों को बचाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
गंगा नदी पर बना पुल रविवार को ढह गया था। राज्य सरकार ने भवन निर्माण विभाग को घटना की जांच शुरू करने का निर्देश दिया है।
केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने यहां भाजपा मुख्यालय में एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, "यह पहली बार नहीं है जब पुल गिरा है...वे कौन हैं जिन्हें मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री और शीर्ष अधिकारी जांच को सही दिशा में नहीं जाने देकर बचाने की कोशिश कर रहे हैं।"
उन्होंने कहा कि पुल के ढहने में शामिल लोगों को बचाने के लिए जिस तरह से प्रयास किए जा रहे हैं, भाजपा उसकी निंदा करती है।
खगड़िया जिले को भागलपुर से जोड़ने वाला 3.16 किलोमीटर लंबा पुल 14 महीने में दो बार ढह चुका है। पहली बार यह पिछले साल अप्रैल में भागलपुर के सुल्तानगंज की तरफ और दूसरी बार खगड़िया की तरफ गिरा।
शेखावत ने बिहार सरकार को घटना की जांच सीबीआई को सौंपने की चुनौती दी।
उन्होंने कहा, "अगर राज्य सरकार मामले को जांच के लिए सीबीआई को सौंप देती है तो सच्चाई सामने आ जाएगी।"
उन्होंने कहा कि घटना में शामिल लोगों की पहचान करने और इसके पीछे की सच्चाई का पता लगाने के लिए एक व्यापक जांच की जानी चाहिए।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोमवार को कहा था कि पुल ढहने की घटना में दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
कुमार ने कहा कि उन्होंने संबंधित विभाग से इस बात की जांच करने को भी कहा है कि 2014 में शुरू की गई यह परियोजना अपने निर्धारित समय से पीछे क्यों चल रही है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)