जरुरी जानकारी | बड़े कॉरपोरेट को भारत में कभी बैंक खोलने की अनुमति नहीं दी जाएगी: एन वाघुल
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. दिग्गज बैंकर एन वाघुल का मानना है कि बड़े कॉरपोरेट या उद्योग समूहों को भारत में कभी भी बैंक खोलने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
मुंबई, एक मई दिग्गज बैंकर एन वाघुल का मानना है कि बड़े कॉरपोरेट या उद्योग समूहों को भारत में कभी भी बैंक खोलने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
वाघुल ने कहा कि भारत ने अपने बैंकों के राष्ट्रीयकरण के अनुभव से सीखा है और वह बड़ी कंपनियों को बैंकिंग में प्रवेश की इजाजत देकर वही गलतियां कभी नहीं दोहराएगा।
अतीत में कुछ कॉरपोरेट ने बैंकिंग लाइसेंस पाने के लिए आवेदन किया था, हालांकि उनका यह प्रयास सफल नहीं हो सका।
रिजर्व बैंक ने दो साल पहले एक परिचर्चा पत्र में बड़ी कंपनियों को पूंजी हासिल करने की उनकी क्षमता के आधार पर अनुमति देने की बात आगे बढ़ाई थी।
इस प्रस्ताव की आरबीआई के पूर्व शीर्ष अधिकारियों सहित कई लोगों ने आलोचना की और बात वहीं रुक गई।
वाघुल ने पत्रकारों से कहा कि आर्थिक वृद्धि के लिए जरूरी पूंजी जनता से आएगी, जो पेशेवर रूप से चलाए जाने वाले बैंक में निवेश करने की इच्छुक है।
उन्होंने कहा कि औद्योगिक घराने ‘‘बैंक नहीं हो सकते’’ और बैंकों के राष्ट्रीयकरण को सबने पसंद किया था।
उन्होंने पिछले शुक्रवार को अपने संस्मरण ‘रिफ्लेक्शंस’ के विमोचन के मौके पर संवाददाताओं से कहा, ‘‘मुझे नहीं लगता कि इस देश में दोबारा ऐसा किया जाएगा। यह पूरी तरह पेशेवर बैंकिंग होगी।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)