रायपुर, 12 सितंबर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने मंगलवार को नवा रायपुर में बनने वाले ‘कमर्शियल हब’, एरोसिटी और ‘शहीद स्मारक’ का भूमिपूजन किया। जनसंपर्क विभाग के अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री बघेल ने आज नवा रायपुर अटलनगर के सेक्टर-35 में आयोजित समारोह में तीन परियोजनाओं ‘कमर्शियल हब’, एरोसिटी और ‘शहीद स्मारक’ का भूमिपूजन और शिलान्यास किया।
मुख्यमंत्री ने इस मौके पर कहा कि आज देश के सबसे बड़े थोक व्यवसायिक बाजार का शिलान्यास नवा रायपुर में हो रहा है जिससे राज्य के लाखों लोगों को रोजगार भी मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा, “आने वाले भविष्य को देखते हुए ये भूमिपूजन और शिलान्यास किए जा रहे हैं। राज्य के लोगों की हमसे अपेक्षाएं थीं जिसे साकार करने के लिए हमने एक मजबूत कदम आगे बढ़ाया है।”
बघेल ने कहा, “ सरकार की जिम्मेदारी है कि वो लोगों को आगे बढ़ने के लिए बेहतर वातावरण तैयार कर सके और हमने राज्य के किसानों के लिए ऐसा ही वातावरण तैयार किया है। इसके साथ ही स्कूली शिक्षा में सुधार, छत्तीसगढ़ की संस्कृति व पर्यटन को बढ़ावा देने का वातावरण भी हमने तैयार किया है।”
उन्होंने कहा, “ हम उद्योग को भी एक वातावरण देने की कोशिश कर रहे हैं जिसके लिए मैंने व्यवसायियों से कहा था कि छत्तीसगढ़ की उद्योग नीति को सबसे बेहतर बनाना है और इस प्रयास से प्रदेश में उद्योगों की संख्या बढ़ी है व लोगों को रोजगार मिला है।”
अधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान व्यापारियों की मांग पर नवा रायपुर के ‘कमर्शियल हब’ में 540 रुपये वर्गफुट की दर से व्यवसायियों को भूखण्ड आवंटित करने की घोषणा की।
उन्होंने कहा कि इसकी वजह से ‘कमर्शियल हब’ के निर्माण में लगने वाली अतिरिक्त राशि का वहन राज्य सरकार करेगी।
राज्य के आवास एवं पर्यावरण मंत्री मोहम्मद अकबर ने बताया कि नवा रायपुर में निवेश, बसाहट और वाणिज्यिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सेक्टर-23, 24, 34, 35 और 40 में 1083 एकड़ में ‘कमर्शियल हब’ विकसित किया जा रहा है।
अधिकारियों के मुताबिक, इसी तरह नवा रायपुर के लेयर-3 में यात्री सुविधाओं को बढ़ावा देने, एयरपोर्ट क्षेत्र के वाणिज्यिक विकास तथा रोजगार सृजन के लिए स्वामी विवेकानंद विमानतल के निकट बरोदा और रमचण्डी गांवों में 216.63 एकड़ में ‘एरोसिटी’ विकसित की जा रही है।
उन्होंने बताया कि ‘शहीद स्मारक’ की स्थापना नवा रायपुर के परसदा गांव में स्थित वीआईपी बटालियन में 13 एकड़ भूमि में की जा रही है।
कार्यक्रम में पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री रविन्द्र चौबे, विधायक और अन्य लोग मौजूद थे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY