देश की खबरें | प्रशांत किशोर के ‘जन सुराज’ से जुड़ीं भोजपुरी अभिनेत्री अक्षरा सिंह
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भोजपुरी अभिनेत्री अक्षरा सिंह ने सोमवार को घोषणा की कि वह राजनीतिक रणनीतिकार से राजनेता बने प्रशांत किशोर की ओर से एक साल पहले शुरू किए गए अभियान ‘जन सुराज’ में शामिल हो गई हैं।
पटना, 27 नवंबर भोजपुरी अभिनेत्री अक्षरा सिंह ने सोमवार को घोषणा की कि वह राजनीतिक रणनीतिकार से राजनेता बने प्रशांत किशोर की ओर से एक साल पहले शुरू किए गए अभियान ‘जन सुराज’ में शामिल हो गई हैं।
प्रशांत किशोर ने अपने गृह राज्य बिहार में राजनीतिक बदलाव लाने का प्रण लिया है। पटना स्थित ‘जन सुराज’ कार्यालय में सिंह ने खुद को बिहार की बेटी बताते हुए कहा कि उन्होंने ‘जन सुराज’ को इसलिए चुना क्योंकि यह एक आंदोलन है, न कि कोई आम राजनीतिक पार्टी।
सिंह ने कहा, ‘‘अगर मेरी कोई राजनीतिक महत्वाकांक्षा होती, अगर मैं चुनाव लड़ना चाहती तो मैं अपने शुभचिंतकों, जो विभिन्न राजनीतिक दलों में बहुत अधिक संख्या में हैं, से संपर्क कर सकती थी। लेकिन मेरा सपना बिहार को एक विकसित प्रदेश के तौर पर उभरते हुए देखना है। इसलिए मैं प्रशांत किशोर के साथ जुड़ी जो इस उद्देश्य को हासिल करने के लिए अथक प्रयास कर रहे हैं।’’
केंद्रीय मंत्री और पूर्व भाजपा अध्यक्ष नितिन गडकरी के साथ हालिया मुलाकात, जिसके बाद उनके भाजपा में शामिल होने की अटकलें लगाई जाने लगी थीं, के बारे में पूछे जाने पर सिंह ने दो-टूक अंदाज में जवाब दिया।
उन्होंने कहा, ‘‘नितिन सर मेरे पिता तुल्य हैं। जब भी हम मिलते हैं, तो वह मुझ पर स्नेह बरसाते हैं। मैं हाल ही में मंच पर प्रस्तुति देन के लिए नागपुर में थी जहां कार्यक्रम से इतर मेरी उनसे मुलाकात हुई। मैं अनुरोध करती हूं कि मेरी उनसे मुलाकात का कोई राजनीतिक मतलब नहीं निकाला जाए।’’
आईपीएसी के संस्थापक किशोर जो अपनी राज्यव्यापी पदयात्रा के तहत वर्तमान में उत्तर बिहार में हैं, पहली बार 2014 के लोकसभा चुनाव में नरेन्द्र मोदी के सफल चुनावी अभियान को संभालने के लिए प्रसिद्ध हुए थे।
उन्होंने 2021 में पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के लिए काम किया और उनकी सत्ता को बरकरार रखने में अहम भूमिका निभाई।
किशोर ने कहा कि एक बार जब वह बिहार का दौरा पूरा कर लेंगे तो ‘जन सुराज’ एक राजनीतिक पार्टी में तब्दील हो सकता है। हालांकि, उन्होंने यह स्पष्ट कर दिया कि वह संगठन का ना तो नेतृत्व करेंगे और ना ही खुद चुनाव लड़ेंगे।
अनवर
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)